नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यूपी की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगा। इससे रोजगार, निवेश, पर्यटन और निर्यात बढ़ेगा। किसानों की आय में 20–30% वृद्धि और जीडीपी में 1% तक बढ़ोतरी की संभावना है।
लखनऊ/नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट बनने जा रहा है। 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन के साथ यह परियोजना सिर्फ एक एयरपोर्ट नहीं रहेगी, बल्कि राज्य को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में मजबूत इंजन साबित होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के तहत विकसित यह एयरपोर्ट यूपी की “लैंड-लॉक्ड” आर्थिक क्षमता को खोलने में मदद करेगा। इससे कृषि, एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और उद्योग सीधे वैश्विक बाजार से जुड़ेंगे।
किसानों की आय बढ़ाने में अहम भूमिका | Farm to Global Market Model
पूर्व सीएफओ, एयर इंडिया सैट्स और यूपीडीएफ के चेयरमैन सीए पंकज जायसवाल के अनुसार, यह देश का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट होगा। इसमें सालाना 7 करोड़ यात्रियों की क्षमता और करीब 10 लाख टन कार्गो हैंडलिंग की सुविधा होगी। इससे फल, सब्जियां, डेयरी और फूल जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पाद सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच सकेंगे। “फार्म-टू-ग्लोबल मार्केट” मॉडल मजबूत होगा और किसानों की आय में 20–30% तक बढ़ोतरी की संभावना है। साथ ही लॉजिस्टिक्स लागत कम होगी और निर्यात बढ़ेगा।
जीडीपी ग्रोथ और पर्यटन को मिलेगा बूस्ट | UP Economic Growth Impact
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट व्यापार और पर्यटन को नई दिशा देगा। यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर, आगरा, मथुरा, वृंदावन और वाराणसी जैसे धार्मिक शहरों को वैश्विक पर्यटन सर्किट से जोड़ेगा। इससे विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और धार्मिक, मेडिकल व बिजनेस टूरिज्म को गति मिलेगी। जब एयरपोर्ट पूरी क्षमता से चलेगा, तो इसके प्रभाव से यूपी की जीडीपी में 1% से अधिक की वृद्धि संभव है।
बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन | Jobs Creation in Noida Airport
यह एयरपोर्ट रोजगार का बड़ा केंद्र बनेगा। शुरुआती 5 वर्षों में एयरपोर्ट ऑपरेशन, सिक्योरिटी, ग्राउंड हैंडलिंग, रिटेल और हॉस्पिटैलिटी में 20,000 से ज्यादा नौकरियां बनेंगी। एमआरओ, कार्गो, लॉजिस्टिक्स और एविएशन सेवाओं में 30,000 से अधिक रोजगार मिलेंगे। कुल मिलाकर 50,000 से ज्यादा प्रत्यक्ष रोजगार और 5 लाख से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनेंगे, जो आगे चलकर 40–50 लाख तक पहुंच सकते हैं।
रियल एस्टेट और इंडस्ट्री में तेज विकास | Real Estate & Industrial Growth
जेवर एयरपोर्ट के कारण नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र तेजी से विकसित होंगे। बुलंदशहर, अलीगढ़ और मथुरा-वृंदावन तक नए शहरी कॉरिडोर बनेंगे। एयरपोर्ट के आसपास होटल, वेयरहाउस, ऑफिस स्पेस, लॉजिस्टिक्स पार्क और डेटा सेंटर में निवेश बढ़ेगा। इससे रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इंडस्ट्रियल सेक्टर को नई रफ्तार | Manufacturing & Export Boost
बेहतर कनेक्टिविटी और कम लॉजिस्टिक्स लागत के कारण इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग और टेक्सटाइल जैसे सेक्टर तेजी से आगे बढ़ेंगे। निर्यात आधारित उद्योगों को वैश्विक बाजार तक सीधी पहुंच मिलेगी, जिससे उत्पादन और निवेश दोनों बढ़ेंगे। यह एयरपोर्ट यूपी को एक मजबूत मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपोर्ट हब बनाने में मदद करेगा।
वैश्विक एविएशन हब बनने की क्षमता | International Aviation Hub India
जेवर एयरपोर्ट को भविष्य में एक बड़े मल्टी-मोडल इंटरनेशनल एविएशन हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर दबाव कम करेगा और एयर ट्रैफिक को संतुलित करेगा। 5 रनवे की योजना के साथ यह देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन सकता है। इसकी लोकेशन इसे एशिया और यूरोप के बीच एक प्रमुख ट्रांजिट हब बना सकती है, जो दुबई, दोहा और अबु धाबी जैसे हब का विकल्प बन सकता है।
एमएसएमई और लॉजिस्टिक्स सेक्टर को बड़ा फायदा | Logistics Hub India
यह एयरपोर्ट ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के पास स्थित है। साथ ही यमुना एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जुड़ा है, जिससे यह क्षेत्र देश का बड़ा लॉजिस्टिक्स हब बन सकता है। वेयरहाउसिंग, कोल्ड स्टोरेज और ई-कॉमर्स सेंटर तेजी से विकसित होंगे। लॉजिस्टिक्स लागत घटने से एमएसएमई सेक्टर की प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और निर्यात को गति मिलेगी।
निवेश और विदेशी कंपनियों के लिए आकर्षण | Investment Opportunities UP
एयरपोर्ट के आसपास एयरोसिटी, लॉजिस्टिक्स पार्क और इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित हो रहे हैं। राज्य सरकार की निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण घरेलू और विदेशी निवेश बढ़ेगा। “चीन+1 स्ट्रेटजी” के तहत यह क्षेत्र वैश्विक कंपनियों के लिए आकर्षक विकल्प बनेगा, खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग में बड़े निवेश की संभावना है।


