UP Homeguard Job Apply Online: उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग में 41,424 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू। महिलाओं के लिए 20% आरक्षण, 10वीं पास योग्यता और 18-35 वर्ष आयु सीमा। विभिन्न प्रमाणपत्रों पर अतिरिक्त अंक। आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसंबर।

युवाओं के लिए रोजगार का इंतजार खत्म हो गया है। लंबे समय से चल रही होमगार्ड भर्ती की चर्चाओं के बीच अब आखिरकार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने प्रदेश की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक का रास्ता खोल दिया है। होमगार्ड विभाग में 41,424 खाली पदों के लिए 18 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। नौकरी की तलाश में जुटे युवा अब अपने भविष्य को नई दिशा देने का मौका पा रहे हैं। प्रदेशभर में इस भर्ती को लेकर उत्साह इतना है कि आवेदन खुलते ही 1 लाख से ज्यादा युवाओं ने OTR करा लिया है।

महिलाओं के लिए 20% आरक्षण, 8,285 पद सिर्फ महिलाओं के लिए

भर्ती में 20 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। यानी कुल 41,424 पदों में से 8,285 सीटें विशेष रूप से महिला अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। यह प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: UP Weather Update: तापमान में बढ़ोतरी, कोहरे में कमी और बढ़ता प्रदूषण- जानें अपने शहर का हाल

योग्यता और आयु सीमा

  • अभ्यर्थी का 10वीं पास होना अनिवार्य है।
  • आयु सीमा 18 से 35 वर्ष तय की गई है।
  • उम्मीदवार उसी जिले का मूल निवासी होना चाहिए, जिसके लिए वह आवेदन कर रहा है।
  • दिव्यांग, सरकारी नौकरी में कार्यरत, रिटायर्ड व्यक्ति, शारीरिक-मानसिक दोष वाले व जिन पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं — वे इस भर्ती में अपात्र होंगे।

इन डॉक्यूमेंट्स पर मिलेंगे एक्स्ट्रा अंक

होमगार्ड भर्ती में कुछ विशेष योग्यता/दस्तावेज रखने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त अंक भी दिए जाएंगे:

  • चार पहिया वाहन ड्राइविंग लाइसेंस: +1 अंक
  • NCC सर्टिफिकेट: 1 से 3 अंक
  • आपदा मित्र (Disaster Mitra) सर्टिफिकेट: +3 अंक

चयन प्रक्रिया कैसी होगी?

इस भर्ती में चयन निम्न प्रक्रियाओं के आधार पर होगा:

  • 100 अंकों की OMR आधारित लिखित परीक्षा (अवधि: 2 घंटे)
  • शारीरिक मापदंड परीक्षण (PST)
  • दस्तावेज सत्यापन
  • शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET)

चयनित होमगार्ड्स को 600 रुपये प्रतिदिन + महंगाई भत्ता मिलेगा।

आवेदन शुल्क

  • सामान्य / OBC / EWS: 400 रुपये
  • SC/ST श्रेणी के लिए शुल्क अलग स्कीम के तहत निर्धारित होगा।

कैसे करें आवेदन?

  • बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाएं।
  • One Time Registration (OTR) पूरा करें।
  • होमगार्ड भर्ती लिंक पर क्लिक कर आवेदन फॉर्म भरें।
  • अपने आवश्यक दस्तावेज DigiLocker से अपलोड करें।
  • आवेदन की अंतिम तिथि 17 दिसंबर है।

अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार हेल्पलाइन नंबर 18009110005 पर संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें: अयोध्या में CM योगी का दौरा: हनुमानगढ़ी और श्रीरामलला के किए दर्शन, मंदिर निर्माण की ली समीक्षा