शांति और सद्भाव के लिए दिल्ली विधानसभा की समिति ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर से उन ‘‘अपराधियों’’ की पहचान करने में मदद करने के लिए कहेगी, जिन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा की हैं

नई दिल्ली: शांति और सद्भाव के लिए दिल्ली विधानसभा की समिति ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह व्हाट्सएप, फेसबुक और ट्विटर से उन ‘‘अपराधियों’’ की पहचान करने में मदद करने के लिए कहेगी, जिन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा की हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उत्तर पूर्वी दिल्ली में पिछले महीने हिंसा के मद्देनजर अफवाहों और भड़काऊ भाषणों को फैलने से रोकने के लिए गठित की गई समिति ने 14 शिकायतकर्ताओं और सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री फैलाने के आरोपी एक व्यक्ति के बयान दर्ज किए।

भड़काऊ सामग्री की ओर ध्यान केन्द्रित किया था

इस समिति के अध्यक्ष राघव चड्ढा ने कहा, ‘‘समिति ने उन 14 शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किये जिन्होंने वीडियो और संदेशों समेत भड़काऊ सामग्री की ओर ध्यान केन्द्रित किया था।’’उन्होंने कहा, ‘‘व्हाट्सएप के जरिये भड़काऊ सामग्री को साझा करने के आरोपी एक व्यक्ति को भी तलब किया गया था। इस व्यक्ति ने अपना अपराध स्वीकार किया है जो दंडनीय है और इसके तहत तीन साल तक की कैद हो सकती है।’’

इस व्यक्ति ने दावा किया कि उसे कानून की जानकारी नहीं थी और उसने समिति से माफी मांगी। गौरतलब है कि उत्तर पूर्वी दिल्ली में 24 से 25 फरवरी तक हुई सांप्रदायिक हिंसा में 53 लोगों की मौत हो गई थी और 200 से अधिक घायल हो गये थे।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)