यूपी के जिले फिरोजाबाद में बुधवार सुबह दिन दहाड़े बाइक सवार हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। वह बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। गोली की आवाज सुनकर भीड़ को अपनी ओर आता देख हमलावर तमंचा वहीं छोड़कर फरार हो गए।

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के जिले फिरोजाबाद में बुधवार की सुबह दिन दहाड़े बेखौफ घूम रहे बाइक सवार हमलावरों ने एक बार फिर घटना को अंजाम दे दिया। बाइक सवार दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग हमलावरों की तरफ भागे। गोली की आवाज होने के बाद भीड़ को अपनी ओर आता देख तमंचा वहीं छोड़कर फरार हो गए। इस वारदात की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटनास्थल पर मौजूद तमंचे को पुलिस ने कब्जे में लिया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

युवक को पीछे से बाइक सवारों ने मारी गोली
जानकारी के अनुसार यह मामला शहर के रामगढ़ थाना क्षेत्र का है। थाना उत्तर क्षेत्र के संतोष नगर निवासी सुशील कुमार पुत्र भीमसेन अपने बच्चों को इंदिरा कॉलोनी स्थित एक स्कूल में छोड़ कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनके ऊपर यह हमला किया गया है। पीड़ित के अनुसार एक बाइक पर तीन युवक हेलमेट लगाकर पहुंचे, जिन्होंने पीछे से गोली मार दी। गोली उनकी पीठ में आकर लगी जिसके लगते ही वह लहूलुहान होकर जमीन पर तुरंत गिर गए। गंभीर रूप से घायल युवक ने लोगों से मदद की आवाज भी लगाई।

गोली-कांड से दिनदहाड़े मच गई अफरा-तफरी
गोली की आवाज सुनकर आस-पास के लोग युवक की ओर दौड़े। दिनदहाड़े हुए गोली कांड से अफरा-तफरी मच गई। इस वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचे को कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरी ओर घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस पूरे मामले में इंस्पेक्टर हरवेंद्र मिश्रा का कहना है कि इस घटना को लेकर जांच-पड़ताल की जा रही है। उन्होंने आगे बताया कि घायल को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। इसके साथ ही घटनास्थल पर पुलिस को तमंचा बरामद हुआ है। फिलहाल इस वारदात के बाद से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है।

बरेली: शराब के नशे में धुत्त दोस्त ने पत्नी पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, गुस्से में आकर युवक ने उठाया बड़ा कदम