प्रयागराज में बन्दूक की नोक पर कोर्ट के बाहर से हुआ युवक युवती का अपहरण। 

प्रयागराज: प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा की मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे प्रेमी युगल का कोर्ट परिसर के बाहर से बंदूक की नोक पर अपहरण कर लिया गया। युवक-युवती यूपी के बिजनौर के रहने वाले हैं। अपहरण की सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने नाकेबंदी कर कौशांबी व फतेहपुर जिले की सीमा पर गाड़ी को पकड़ लिया है और पीड़ित युवक व युवती को बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

शुरूआती जानकारी के अनुसार, बदमाश यूपी 82 नम्बर की काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार थे और गाड़ी के पीछे चेयरमैन लिखा था। कोर्ट परिसर के बाहर गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने युवक-युवती को गन प्वाइंट पर लेकर दोनों को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। बताया जा रहा है कि, संभवत युवक-युवती प्रेम विवाह के बाद सुरक्षा के लिए हाईकोर्ट आए थे। इसी बीच उनका अपहरण कर लिया गया। 

अपहरण की सूचना के बाद प्रयागराज शहर समेत आसपास के जिलों की सीमा पर नाकेबंदी की गई। कौशांबी जिले की सीमा में जैसे ही चेयरमैन लिखी स्कॉर्पियो गाड़ी ने प्रवेश किया, पुलिस ने उसे रोक लिया और युवती व युवक को बरामद किया। पुलिस सभी लोगों से पूछताछ कर रही है।