गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद बहुजन समाजवादी पार्टी की प्रमुख माय़ावती ने सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि भाजपा की जीत से ज्यादा सपा की हार के चर्चे हैं। इस बार सपा हारने का कौन सा नया बहाना बनाएगी।

अभिनव सिन्हा
लखनऊ
: गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं बहुजन समाजवादी पार्टी की प्रमुख मायावती ने गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद सपा पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा से सपा को मिली करारी हार की चर्चा जीत से भी ज्यादा हो रही है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि "यूपी के खीरी का गोला गोकर्णनाथ विधानसभा उपचुनाव भाजपा की जीत से ज्यादा सपा की 34,298 वोटों से करारी हार के लिए काफी चर्चाओं में है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मायावती ने सपा पर किया हमला
बीएसपी जब अधिकांशतः उपचुनाव नहीं लड़ती है और यहाँ भी चुनाव मैदान में नहीं थी, तो अब सपा कौन सा नया बहाना बनाएगी। बसपा प्रमुख मायावती ने सपा पर हमलावर होते हुए कहा, "अब अगले महीने मैनपुरी लोकसभा व रामपुर विधानसभा के लिए उपचुनाव में, आजमगढ़ की तरह ही, सपा के सामने अपनी इन पुरानी सीटों को बचाने की चुनौती है। देखना होगा कि क्या सपा ये सीटें भाजपा को हराकर पुनः जीत पाएगी या फिर वह भाजपा को हराने में सक्षम नहीं है, यह पुनः साबित होगा।"

भाजपा उम्मीदवार ने हासिल की शानदार जीत
बता दें कि भाजपा विधायक अरव‍िंद ग‍िरि के न‍िधन के बाद खाली हुई गोला गोकर्णनाथ विधानसभा सीट पर बीते तीन नवंबर को उपचुनाव हुए थे। भाजपा ने जहां अरविंद गिरि के बेटे अमन गिरि को चुनाव मैदान में उतारा था तो वहीं सपा ने पूर्व विधायक विनय तिवारी पर भरोसा दिखाया था। इसके अलावा अन्य सात प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में उतरे थे। लेकिन सीधी टक्कर सपा और भाजपा के बीच देखी गई थी। 32 राउंड की मतगणना के बाद भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार अमन गिरि ने 34298 मतों के भारी अंतर से शानदार जीत हासिल की थी। वहीं सीएम योगी, ड‍िप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक ने इसे शानदार जीत बताया था। वहीं सपा ने भाजपा पर छल करने का आरोप लगाया था।

लखनऊ: आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची प्रियंका चोपड़ा ने बच्चों से की बात, 2 दिनों तक इन कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा