लंदन से आने के बाद कनिका कपूर पूर्व सांसद अकबर अहमद डंपी के डालीबाग स्थित आवास पर एक हाई-प्रोफाइल पार्टी में शामिल हुईं थीं। इस पार्टी में 100 से ज्यादा सेलिब्रिटीज शामिल हुए थे

लखनऊ(Uttar Pradesh ). बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कनिका कपूर के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद बाद राजधानी लखनऊ में हड़कंप मचा हुआ है। सूचना के अनुसार लंदन से आने के बाद कनिका कपूर पूर्व सांसद अकबर अहमद डंपी के डालीबाग स्थित आवास पर एक हाई-प्रोफाइल पार्टी में शामिल हुईं थीं। इस पार्टी में 100 से ज्यादा सेलिब्रिटीज शामिल हुए थे।पार्टी में कई बड़े नेता,नौकरशाह,और ज्यूडिशरी के लोग शामिल थे। पार्टी में राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ,उनके बेटे दुष्यंत सिंह ,व कांग्रेस के दिग्गज नेता जितिन प्रसाद भी शामिल थे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बता दें कि राजधानी लखनऊ में कोरोना पीड़ितों की बढ़ती संख्या से स्वास्थ्य विभाग भी परेशान है। हांलाकि सरकार और स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इससे बचाव के तमाम इंतजाम किए गए हैं। पिछले सप्ताह लंदन से लखनऊ लौटी बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कनिका कपूर में भी कोरोना के लक्षण मिले हैं। कनिका ने अपने लंदन से लौटने की बात किसी को नहीं बताई थी और एयरपोर्ट पर थर्मल स्कैनिंग करने वाली टीम से बच कर निकल गईं थीं। अब कनिका के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद प्रशासन के हांथ-पांव फूल गए हैं। दरअसल जिस पार्टी में कनिका शामिल हुई थीं उसमे 100 से अधिक सेलीब्रिटीज शामिल थे। अब सभी का टेस्ट करवाना प्रशासन के लिए एक चुनौती है। 

वसुंधरा ने खुद को किया आईसोलेट
कनिका के पॉजिटिव पाए जाने के बाद वसुंधरा राजे ने खुद को आईसोलेट कर लिया ह। उनके बेटे सांसद दुष्यंत सिंह ने अपना कोरोना टेस्ट करवाया है जो अभी नेगेटिव आया है। इसके साथ ही जितिन प्रसाद भी आइसोलेशन में चले गए हैं। पार्टी में शामिल सभी लोगों को आईसोलेशन में रखने की कवायद की जा रही है। 

कई कार्यक्रम में शामिल हुईं थीं कनिका
महानगर स्थित शालीमार गैलेंट में कनिका कपूर की मां का घर है। जहां वे लन्दन से आने के बाद रुकी थीं। कनिका के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद उनकी मां का भी टेस्ट किया गया है जो निगेटिव आया है। साथ ही सभी पड़ोसियों के सैंपल केजीएमयू भेजे गए हैं। सभी को घर के अंदर ही क्वॉरेंटाइन कर दिया गया है। उधर कनिका कपूर ने इस मामले में कहा है कि वे लंदन से मुंबई के रास्ते लखनऊ पहुंची थीं। मुंबई एयरपोर्ट पर उनकी पूरी स्क्रीनिंग हुई थी। उन्होंने कहा कि बेवजह बात का गलत मतलब बनाया जा रहा है।