Brazil Ex President 27 Year Sentence: ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को सुप्रीम कोर्ट ने तख्तापलट की कोशिश का दोषी करार दिया है। लोकतंत्र विरोधी साजिश का नेतृत्व करने का दोषी मानते हुए 27 साल 3 महीने की सजा सुनाई है।
Brazil Ex President 27 Year Sentence: ब्राजील की सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को पूर्व राष्ट्रपति जेयर बोल्सोनारो को 2022 के चुनाव हारने के बाद सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की साजिश रचने का दोषी ठहराया। कोर्ट की पांच जजों की बेंच में से चार ने उन्हें पांच अलग-अलग अपराधों में दोषी पाया और उन्हें 27 साल 3 महीने की सजा सुनाई। ऐसा ब्राजील में पहली बार हुआ है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को तख्तापलट के लिए दोषी ठहराया गया हो।
बोल्सोनारो ब्रासीलिया में नजरबंद
बोल्सोनारो ब्रासीलिया में नजरबंद हैं और उन्होंने इन आरोपों को गलत बताया है। बोल्सोनारो के पास इस फैसले के खिलाफ अपील करने का हक है। कोर्ट को अपना फैसला सार्वजनिक करने में 60 दिन लगेंगे। उसके बाद उनके वकील को 5 दिन के अंदर स्पष्टीकरण के लिए अर्जी दाखिल करनी होगी।
बोल्सोनारो को सजा सुनाते हुए कोर्ट ने क्या कहा?
बोल्सोनारो को सजा सुनाते हुए जस्टिस कार्मेन लूसिया ने कहा कि सबूत साफ दिखाते हैं कि उन्होंने सत्ता पर कब्जा करने या उसे बनाए रखने के लिए हर संभव कोशिश की। वे एक संगठित गिरोह के सरगना थे। वहीं, केस की निगरानी कर रहे जस्टिस अलेक्जेंडर डी मोरेस ने भी कहा कि बोल्सोनारो तख्तापलट की साजिश और आपराधिक संगठन के मुखिया थे। सुनवाई के दौरान मोरेस ने 2021 से 2023 तक की कई वीडियो दिखाई जिनमें बोल्सोनारो अपने हजारों समर्थकों से सुप्रीम कोर्ट को खत्म करने की बात कहते नजर आए। इसके अलावा, 8 जनवरी 2023 को सुप्रीम कोर्ट के मुख्यालय में हुई तोड़फोड़ की फुटेज भी अदालत में दिखाई गई।
यह भी पढ़ें: Charlie Kirk Murder: हाई पावर राइफल से मारी गोली, FBI ने संदिग्ध के बारे में दी बड़ी जानकारी
लगातार अपनी बेगुनाही का दावा कर रहे बोल्सोनारो
बोल्सोनारो पहले सेना में कप्तान रह चुके हैं और उन्होंने 1964 से 1985 तक चली उस सैन्य तानाशाही का समर्थन किया था, जिसमें सैकड़ों ब्राजीलियाई लोगों की हत्या हुई थी। अब उन्हें दोषी करार दिए जाने के बाद फ्रांस की मरीन ले पेन और फिलीपींस के रोड्रिगो दुतेर्ते जैसे कई दक्षिणपंथी नेताओं ने इस फैसले की आलोचना की है। 70 साल के बोल्सोनारो लगातार अपनी बेगुनाही का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे राजनीतिक प्रताड़ना के शिकार हैं और उनके खिलाफ चल रहा केस बस एक साजिश है।
