Gaza ceasefire agreement: गाजा युद्धविराम समझौता के अनुसार हमास ने सभी जीवित 20 इजरायली बंधकों को रिहा कर दिया है। इन्हें रेड क्रॉस को सौंपा गया। मुक्त किए गए लोग दो साल के भीषण युद्ध के बाद स्वदेश लौटे हैं।
Israel Hamas War: इजरायल और हमास के बीच गाजा युद्धविराम समझौता हुआ है। इसके तहत हमास ने सोमवार को सभी 20 इजरायली बंधकों को रिहा कर दिया। इन्हें रेड क्रॉस को सौंपा गया है। बंधकों को दो चरणों में रिहा किया गया। पहले फेज में सोमवार सुबह 7 बंधकों को रिहा किया गया। दूसरे फेज में 13 बंधकों को रिहा किया गया।
हमास द्वारा मुक्त किए गए लोग दो साल के भीषण युद्ध के बाद स्वदेश लौटे हैं। अमेरिका की मध्यस्थता में युद्धविराम हुआ है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गाजा शांति शिखर सम्मेलन के लिए मिस्र की अपनी निर्धारित यात्रा से पहले इजरायल पहुंचे हैं। वे इजराइली संसद में भाषण देने वाले हैं। ट्रंप ने युद्धविराम का स्वागत करते हुए कहा,
युद्ध समाप्त हो गया है। यह एक महान दिन है। यह एक नई शुरुआत है। हमास हथियार छोड़ने की योजना का पालन करेगा।
1900 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले रिहा हुए 20 जीवित इजरायली बंधक
समझौते के अनुसार इजरायल में बंद 1900 से ज्यादा फिलिस्तीनी कैदियों के बदले 20 जीवित इजरायली बंधकों को रिहा किया गया है। मुक्त किए बंधकों के नाम एतान मोर, गली, जिव बर्मन, मतान एंग्रस्ट, ओमरी मिरान, गाय गिल्बोआ दलाल, अलोन अहेल, एव्याटर डेविड, एलन ओहेल, एविनतन ओर, एरियल कुनियो, डेविड कुनियो, निम्रोद कोहेन, बार कुपरस्टीन, योसेफ चैम ओहाना, सेगेव कालफॉन, एल्काना बोहबोट, मैक्सिम हर्किन, एतान हॉर्न और रोम ब्रास्लाव्स्की हैं।
रिहाई से पहले कुछ बंधकों ने वीडियो कॉल के जरिए अपने परिवारों से बात की। यह बातचीत भावुकता से भरी थी। परिवारों ने दो साल बाद अपने प्रियजनों को देखा था। इजराइल रक्षा बलों ने ऑपरेशन "रिटर्निंग होम" टाइटल के तहत सोशल मीडिया पर एक अपडेट पोस्ट किया। इसमें पुष्टि की गई कि रिहा किए गए सात बंधकों के साथ आईडीएफ और आईएसए के कर्मचारी इजराइल लौट रहे हैं।
यह भी पढ़ें- “नोबेल पुरस्कार के लिए ये सब..." ट्रंप ने फिर याद दिलाया भारत-पाक युद्ध रुकवाने का श्रेय
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने लौटने वाले बंधकों के लिए हाथ से लिखे नोट और गिफ्ट तैयार किए हैं। नोट में लिखा है: "इजरायल के सभी लोगों की ओर से आपका स्वागत है! हम आपका इंतजार कर रहे थे, आपको गले लगा रहे थे।"
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान और अफगानिस्तान में क्या हो रहा है! मारे गए 200 तालिबानी आतंकी और...
