अंतरिम बजट (Interim Budget 2024) में दूसरे देशों को दी जाने वाली सहायता में 10 प्रतिशत की कटौती की गई है। भारत ने मालदीव को दी जाने वाली सहायता 22 फीसदी कम की है। भारत मालदीव को विकास में मदद के लिए 600 करोड़ रुपए देगा। वित्त वर्ष 2023-24 में मालदीव को 770.90 करोड़ रुपए की मदद दी गई थी।
- Home
- Business
- Money News
- Budget 2024: इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं, मालदीव की सहायता में 22% कमी, मिलेगा 600 करोड़ रुपए
Budget 2024: इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं, मालदीव की सहायता में 22% कमी, मिलेगा 600 करोड़ रुपए

Budget 2024 Live: 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट पेश किया। बजट में बड़ी घोषणाएं करने से परहेज की गई। इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं किया गया। अगले 5 साल में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) से अतिरिक्त 2 करोड़ घर बनाने का लक्ष्य रखा गया। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए सरकार 9-14 साल की लड़कियों का मुफ्ट टीकाकरण कराएगी।
विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने में करेगा मदद
त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने केंद्रीय अंतरिम बजट पर कहा कि बजट ऐसा है जो 2047 तक पीएम मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने में मदद करेगा। मैं 'गारंटी बजट' पेश करने के लिए पीएम मोदी और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद देना चाहता हूं।
बजट हमारे फाइनेंस की विवेकपूर्ण और राजकोषीय शुद्धता के साथ प्लानिंग करने का एक अवसर
महिन्द्रा एंड महिन्द्रा ग्रुप के प्रमुख आनंद महिन्द्रा ने सोशल मीडिया हैंडल X पर लिखा- कई सालों से मैं कहता रहा हूं कि हम बजट के इर्द-गिर्द बहुत ज्यादा नाटक रचते हैं और नीतिगत घोषणाओं की अपेक्षाओं को अवास्तविक रूप से उग्र स्तर तक बढ़ा देते हैं। बजट आवश्यक रूप से परिवर्तनकारी नीतिगत घोषणाओं का अवसर नहीं है। ये पूरे साल हो सकती हैं और होनी भी चाहिए। बजट हमारे फाइनेंस की विवेकपूर्ण और राजकोषीय शुद्धता के साथ प्लानिंग करने का एक अवसर है। हम जितना ज्यादा अपने साधनों के भीतर रहने और एक मजबूत लेकिन टिकाऊ भविष्य के लिए निवेश करने पर फोकस करेंगे, उतना ही अधिक हम ग्लोबल इन्वेस्टर्स के साथ भरोसा हासिल कर पाएंगे। यही वजह है कि मैं आज के बजट से बहुत खुश हूं।
रक्षा मंत्रालय को मिला है 6.21 लाख करोड़ रुपए
अंतरिम बजट में रक्षा मंत्रालय को 6.21 लाख करोड़ रुपए का फंड मिला है। पिछले साल 5.94 लाख करोड़ रुपए का फंड मिला था। इस तरह 4.5 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। रक्षा बलों को पूंजीगत बजट के तहत आधुनिकीकरण के लिए 10,000 करोड़ रुपए अधिक मिले हैं। 2024-25 के लिए यह आवंटन 1.72 लाख करोड़ रुपए है। पिछले साल 1.62 लाख करोड़ रुपए था।
जेपी नड्डा ने कहा- यह है दूरदर्शी बजट
अंतरिम बजट पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि यह दूरदर्शी बजट है। इसने विकसित भारत की नींव रखी है। मध्यम वर्ग के लिए घोषित आवास योजना एक क्रांतिकारी कदम है। लखपति दीदी का लक्ष्य बढ़ाकर 3 करोड़ कर दिया गया है।
पीएम बोले यह देश के भविष्य के निर्माण का बजट है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पेश किया गया अंतरिम बजट विकसित भारत के चार स्तंभ युवा, गरीब, महिला और किसान सभी को एम्पावर करेगा। निर्मला जी का यह बजट देश के भविष्य के निर्माण का बजट है। इस बजट में 2047 के विकसित भारत के नींव को मजबूत करने की गारंटी है। मैं निर्मला जी और उनकी टीम को बहुत- बहुत बधाई देता हूं।
राजनाथ सिंह बोले- उत्साहवर्धक है अंतरिम बजट
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “अंतरिम बजट बहुत ही उत्साहवर्धक है। आगे के लिए भी आशाएं और अधिक बढ़ती हैं। भारत की इकोनॉमी की साइज 2027 तक बढ़कर 5 ट्रिलियन डॉलर से अधिक तक जाएगी। 2030 आते-आते यह 7 ट्रिलियन डॉलर से अधिक तक पहुंचेगी।”

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा बढ़ रहा बजट घाटा
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने अंतरिम बजट 2024 पर प्रतिक्रिया देते हुए बजट घाटे पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि बजट घाटा 18 लाख करोड़ रुपए हो गया है। सरकार अपने खर्च के लिए उधार ले रही है। अगले साल यह संख्या और बढ़ने वाली है। यह चिंता की बात है।
5 साल में बनेंगे 2 करोड़ घर
वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) 3 करोड़ आवास के लक्ष्य को प्राप्त करने के करीब है। अगले 5 साल में अतिरिक्त 2 करोड़ आवास का लक्ष्य है। अपना घर खरीदने या बनाने के लिए मध्यम वर्ग को प्रोत्साहित करने के लिए मध्यम वर्ग आवास योजना शुरू की जाएगी।
राज्य सरकारों को मिलेगा ब्याज मुक्त लोन
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि विकसित भारत के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए राज्य में कई विकास और विकास-सक्षम सुधारों की आवश्यकता है। राज्य सरकारों को विकास कार्यों के लिए 75 हजार करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा।

2014 से 2023 तक रहा FDI प्रवाह का स्वर्ण युग
वित्त मंत्री ने कहा कि 2014 से 2023 के दौरान FDI प्रवाह 596 बिलियन अमेरिकी डॉलर था। यह एक स्वर्ण युग का प्रतीक है। यह 2005 से 2014 के बीच FDI प्रवाह का दोगुना था। FDI बढ़ाने के लिए हम विदेशी साझेदारों के साथ द्विपक्षीय निवेश संधियों पर बातचीत कर रहे हैं।
कॉरपोरेट टैक्स घटा
कॉरपोरेट टैक्स घटाकर 22 फीसदी किया गया है। स्टार्टअप के लिए टैक्स छूट 1 साल के लिए बढ़ाई गई है। 10 साल में अर्थव्यवस्था को सुधारने पर जोर है।
इनकम टैक्स स्लैब में बदलाव नहीं
आयकरदाताओं को फिलहाल राहत नहीं मिली है। पूरे टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। अंतरिम बजट में बड़ी घोषणाएं करने से परहेज किया गया है।
जुलाई में पेश करेंगे विकसित भारत का रोड मैप
वित्त मंत्री ने कहा कि जुलाई में पूर्ण बजट में विकसित भारत का रोड मैप पेश करेंगे। 2014 से पहले के दौर से उबर गए हैं। राजकोषीय घाटा GDP का 5.8 फीसदी रहने का अनुमान है। 2025-26 तक घाटा और कम करेंगे। 2025 तक राजकोषीय घाटा 4.5 फीसदी तक ले जाने की उम्मीद है। 10 साल में कर संग्रह 3 गुना बढ़ा है।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
निर्मला सीतारमण ने कहा कि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। लक्षद्वीप में नई परियोजनाएं शुरू होंगी। पर्यटन के क्षेत्र में विदेशी निवेश को प्रोत्साहित किया जाएगा। पर्यटन केंद्रों के लिए राज्यों को ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा।
ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दे रही सरकार
निर्मला सीतारमण ने कहा कि सरकार ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा दे रही है। ई वाहन के निर्माण को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। चार्जिंग स्टेशनों को बढ़ाने पर काम हो रहा है। पवन ऊर्जा के विकास पर काम हो रहा है।
तीन रेल कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे
वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम गति शक्ति योजना के तहत तीन रेल कॉरिडोर शुरू किए जाएंगे। इससे आर्थिक विकास होगा। मालभाड़े में कमी आएगी। यात्री ट्रेनों के परिचालन में सुधार किया जाएगा। यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। हवाई अड्डों की संख्या बढ़कर 149 हुई है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लिए शुरू करेंगे नई योजनाएं
मंत्री ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता लाने के लिए नई योजनाएं शुरू की जाएगीं। नए क्षेत्रों में अनुसंधान को बढ़ावा देंगे। युवा शक्ति प्रोद्योगिकी की योजना बनेगी। नए मेडिकल कॉलेज खोलने के लिए कमेटी बनेगी।
तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे
मंत्री ने कहा कि एक करोड़ महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं। 9 करोड़ महिलाओं के जीवन में बदलाव आया है। लखपति दीदी योजना से आत्मनिर्भरता बढ़ी है। तीन करोड़ और महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे।
सर्वाइकल कैंसर के टीकाकरण को बढ़ावा देगी सरकार
मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार टीकाकरण को बढ़ावा देगी। 9-14 साल की लड़कियों को सर्वाइकल कैंसर का टीका मुफ्त लगाया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यक्रमों में तेजी लाई जाएगी। नए मेडिकल कॉलेज खोले जाएंगे।