आमिर खान की तीसरी शादी में रीना दत्ता-किरण राव की गैरमौजूदगी पर करीबी दोस्त अमीन हाजी ने चुप्पी तोड़ी। साथ ही गौरी स्प्रैट और परिवार के रिश्तों पर खुलासा किया।

5 जुलाई 2026 को लॉन्गटाइम पार्टनर गौरी स्प्रैट से आमिर खान की हुई निजी शादी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रही। हालांकि, इस शादी में उनकी पूर्व पत्नियां रीना दत्ता और किरण राव की गैरमौजूदगी ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए। अब आमिर खान के करीबी दोस्त अमीन हाजी ने पहली बार इस पूरे मामले पर खुलकर बात की है। उन्होंने बताया कि आखिर दोनों शादी में क्यों नहीं पहुंचीं, परिवार ने गौरी स्प्रैट को कैसे अपनाया और आज भी आमिर, रीना और किरण के रिश्ते कैसे बने हुए हैं। साथ ही आमिर ने 'लव जिहाद' विवाद पर भी अपना पक्ष रखा।

आखिर आमिर खान की शादी में किरण राव और रीना दत्ता क्यों नहीं पहुंचीं?

आमिर खान के करीबी दोस्त अमीन हाजी ने Rediff. com से बातचीत में बताया कि किरण राव शादी के समय ब्रिटेन में थीं, जबकि उनके बेटे आज़ाद खासतौर पर मुंबई लौटकर शादी में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "किरण उस समय ब्रिटेन में थीं, जबकि आज़ाद शादी में शामिल होने के लिए मुंबई लौट आया था। कुछ लोगों का किसी मौके पर मौजूद न होना स्वाभाविक होता है। कई बार किसी को उसका स्पेस देना भी प्यार और सम्मान जताने का तरीका होता है। ऐसे खास मौके पर आप किसी को असहज नहीं करना चाहते।"

यह भी पढ़ें : 'यह हराम है', आमिर खान की तीसरी शादी पर मचा बवाल, मौलाना उठाया बड़ा सवाल!

क्या आज भी आमिर, रीना और किरण के रिश्ते अच्छे हैं?

अमीन हाजी ने बताया कि शादी में शामिल न होने के बावजूद आमिर खान, रीना दत्ता और किरण राव के रिश्ते आज भी सम्मान और भरोसे पर टिके हुए हैं।उन्होंने कहा, "पानी फाउंडेशन के जरिए आमिर, सत्यजीत भटकल, किरण राव और रीना दत्ता आज भी साथ मिलकर पेशेवर रूप से काम करते हैं।" अमीन हाजी ने एक पुराना किस्सा भी साझा किया।उन्होंने बताया, "जब रीना दत्ता के पिता का निधन हुआ था, तब आमिर ने मुझसे और करीम से मदद करने को कहा। उस समय रीना यात्रा पर थीं और आमिर अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी होने तक वहीं मौजूद रहे।"

रीना दत्ता को लेकर अमीन हाजी ने क्या कहा?

अमीन हाजी ने रीना दत्ता की तारीफ करते हुए कहा, "रीना एक मजबूत चट्टान की तरह थीं। 'लगान' के निर्माण की जिम्मेदारी उन्होंने इसलिए संभाली क्योंकि उन्हें पता था कि उस समय आमिर को उनके साथ की जरूरत है। बजट और प्रोडक्शन को लेकर मतभेद होते थे, लेकिन आमिर कभी उनकी राय को नजरअंदाज नहीं करते थे। दोनों के बीच हमेशा गहरा सम्मान रहा। जब आमिर ने हमें बताया कि वह और रीना अलग हो रहे हैं, तो मेरा दिल टूट गया था।"

गौरी स्प्रैट को बच्चों ने कैसे अपनाया?

अमीन हाजी के मुताबिक, गौरी स्प्रैट को परिवार ने एक दिन में स्वीकार नहीं किया, बल्कि यह धीरे-धीरे हुआ।उन्होंने कहा, "लोग मुझसे पूछते हैं कि आमिर के बच्चे गौरी के बारे में क्या सोचते हैं। सच यह है कि यह अचानक बना रिश्ता नहीं था। आमिर और गौरी कई सालों से एक-दूसरे को जानते थे। गौरी, इमरान खान की दोस्त हैं। उन्हें धीरे-धीरे इरा, जुनैद और आज़ाद से मिलवाया गया। आमिर ने हर रिश्ते का पूरा सम्मान किया। शादी की तस्वीरों में आज़ाद, क्विन, आमिर की मां, गौरी के पिता बॉब, उनकी आंटी राधा और पूरा परिवार साथ नजर आता है। यही उनकी कोशिश थी कि हर कोई खुद को इस परिवार का हिस्सा महसूस करे।"

यह भी पढ़ें : 3 बीवियां लाने वाले आमिर खान का नाजायज़ बच्चा भी? 

'लव जिहाद' विवाद पर आमिर खान ने क्या कहा?

सोशल मीडिया पर 'लव जिहाद' को लेकर उठे विवाद के बीच आमिर खान ने अपनी पत्नी गौरी स्प्रैट के धर्म को लेकर भी सफाई दी। उन्होंने कहा, "गौरी जन्म से ईसाई हैं, हिंदू नहीं। हालांकि वह धार्मिक रूप से किसी धर्म का सक्रिय पालन नहीं करती हैं।"आमिर का यह बयान उस समय आया जब उनकी शादी को लेकर धार्मिक आधार पर सवाल उठाए गए और कथित तौर पर फतवा जारी होने की खबरें सामने आईं।