टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग से कुछ घंटे पहले टीवी एक्टर अभिषेक बजाज उनके साथ फुटबॉल खेल रहे थे। गोलीबारी की घटना को याद कर उन्होंने खौफनाक आपबीती सुनाई।
Tiger Shroff Firing Eyewitness: टाइगर श्रॉफ पर मुंबई के जुहू इलाके में उनकी कार पर हुए हमले से कुछ घंटे पहले वह टीवी एक्टर अभिषेक बजाज के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। इस घटना के बाद 'बिग बॉस 19' फेम अभिषेक बजाज ने राहत जताई कि टाइगर सुरक्षित हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में टाइगर के साथ फुटबॉल खेलने का जिक्र किया और बताया कि घटना से पहले वे सभी साथ थे। हालांकि, उस पल को याद कर एक्टर अब भी खौफ में है। घटना के बारे में बात करते हुए अभिषेक ने कहा, "हां, घटना से पहले हम साथ में फुटबॉल खेल रहे थे। हम सभी अब ठीक हैं।
गोलीबारी को आतिशबाजी समझ बैठे लोग
रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटनास्थल के पास कुछ बच्चे जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। गोलीबारी के बाद वहां मौजूद लोग घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। गोलीबारी के समय वहां मौजूद लोगों को शुरुआत में कुछ समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। कुछ लोग तस्वीरें खींच रहे थे, जबकि पास ही कुछ लोग आतिशबाजी के साथ जन्मदिन मना रहे थे। जब लोगों ने चीख-पुकार सुनी तब पता चला कि फायरिंग हुई है।
जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच राउंड फायरिंग
- रविवार को टाइगर श्रॉफ मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा पार्क स्थित एक क्लब से दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने के बाद बाहर निकल रहे थे।
- इसी दौरान बाइक पर सवार तीन हमलावरों ने कथित तौर पर उनकी कार पर कम से कम पांच राउंड फायरिंग की।
- इस घटना में टाइगर के ड्राइवर और एक ऑटो-रिक्शा चालक के घायल होने की जानकारी सामने आई। गोलीबारी के बाद टाइगर ने खुद कार चलाई।
- नानावटी अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, टाइगर के ड्राइवर के बाएं हाथ में गोली लगी है। बताया गया कि उसे सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है।
- वहीं, टाइगर श्रॉफ को मामूली खरोंचें आईं। अस्पताल में उनकी जांच की गई और इसके बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
गोलीबारी के बाद फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। टीम ने गाड़ी का मुआयना किया और बैलिस्टिक सबूत जुटाए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना के दौरान कितनी गोलियां चलाई गई थीं। इसके अलावा, पुलिस ने हमले में शामिल लोगों की पहचान करने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
ये भी पढ़ें : क्या शूटर की बंदूक जाम होने से बची टाइगर श्रॉफ की जान? सामने आया खौफनाक Video
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कथित सदस्यों ने ली जिम्मेदारी
टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई गोलीबारी के बाद सोशल मीडिया पर इस हमले को लेकर पोस्ट सामने आए। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो कथित सदस्यों, अनिल पंडित और हरमन संधू ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए गोलीबारी की जिम्मेदारी ली। हालांकि, पुलिस ने इन दावों की पुष्टि नहीं की है और उनकी सच्चाई की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच का मुख्य उद्देश्य घटना में शामिल हमलावरों की पहचान करना और गोलीबारी के पीछे की वजह का पता लगाना है।
एकनाथ शिंदे ने की हमले की निंदा, जांच के लिए बनाई 15 टीमें
- टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को लेकर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि मुंबई में इस तरह की धमकियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
- पुलिस ने मामले की जांच तेज करने और टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए 15 टीमें बनाई हैं। पुलिस अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
- इस बीच, घटना के समय फुटबॉल ग्राउंड पर मौजूद अभिषेक बजाज और करण वीर मेहरा के बयानों से हमले से पहले और बाद के घटनाक्रम की जानकारी सामने आई है।








