'धमाल 4' की दूसरे सोमवार की कमाई में गिरावट आई। बावजूद बॉक्स ऑफिस पर मजबूत पकड़ बनाए रखी। अब अजय देवगन की फिल्म घरेलू और दुनियाभर में नए पड़ाव की ओर बढ़ रही है।
अजय देवगन की कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' दूसरे हफ्ते में भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से टिकी हुई है। हालांकि दूसरे सोमवार को फिल्म की कमाई में बड़ी गिरावट देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद फिल्म लगातार नए रिकॉर्ड अपने नाम करती जा रही है। फैमिली ऑडियंस का अच्छा सपोर्ट और फ्रेंचाइजी की पॉपुलैरिटी फिल्म के लिए बड़ी ताकत साबित हो रही है। क्रिस्टोफर नोलन की 'द ओडिसी' जैसी बड़ी हॉलीवुड रिलीज के साथ स्क्रीन साझा करने के बावजूद 'धमाल 4' दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है। अब ट्रेड की नजर फिल्म के अगले बॉक्स ऑफिस पड़ाव पर बनी हुई है।
11वें दिन 'धमाल 4' ने बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन किया?
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk.com के आंकड़ों के मुताबिक, दूसरे सोमवार को 'धमाल 4' की कमाई में रविवार के मुकाबले करीब 74.5% की गिरावट दर्ज की गई। फिल्म ने 11वें दिन भारत में 3.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इससे पहले दूसरे रविवार को फिल्म की कमाई 12.75 करोड़ रुपये रही थी।11 दिन बाद फिल्म का कुल घरेलू नेट कलेक्शन 127.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 152.20 करोड़ रुपये हो चुका है।
यह भी पढ़ें : अजय देवगन की 17वीं 100 करोड़ी फिल्म बनी 'धमाल 4', लिस्ट में बाकी 16 मूवी कौन-सी?
दुनियाभर में 'धमाल 4' की कमाई कहां पहुंची?
घरेलू बाजार के अलावा फिल्म ने विदेशों में भी अपनी पकड़ बनाए रखी। 11वें दिन ओवरसीज मार्केट से 0.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन जुड़ा। इसके बाद फिल्म का कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन 22 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं दुनियाभर में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन अब 174.20 करोड़ रुपये हो गया है।
'धमाल 4' का पहले दिन से अब तक का कलेक्शन कैसा रहा?
- पहला दिन : 14 करोड़ रुपये
- पहला वीकेंड : 65 करोड़ रुपये
- पहला हफ्ता : 96 करोड़ रुपये
- दूसरा वीकेंड : 28.5 करोड़ रुपये
- दूसरा सोमवार : 3.25 करोड़ रुपये
कुल नेट कलेक्शन : 127.75 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें : कौन है 6 फीट की यह प्लस साइज़ एक्ट्रेस, जिसकी फिल्म BO पर मचा रही धमाल
फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट में क्या है खास?
निर्देशक इंद्र कुमार की 'धमाल 4' फ्रेंचाइजी की पहचान रही स्लैपस्टिक कॉमेडी, गलतफहमियों, खजाने की तलाश और मजेदार घटनाओं को आगे बढ़ाती है। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, संजय मिश्रा, रवि किशन और अंजलि आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। रिलीज से पहले फिल्म को फ्रेंचाइजी की पॉपुलैरिटी और मल्टीस्टार कास्ट का भी भरपूर फायदा मिला था।
