Homemade Coffee Recipe: खजूर के बीजों को फेंकने की बजाय उनसे स्वादिष्ट और हेल्दी होममेड कॉफी बनाई जा सकती है। यह कैफीन फ्री ड्रिंक स्वाद में शानदार होने के साथ शरीर को एनर्जी देने में भी मदद करती है।

Date Seed Coffee: आजकल लोग हेल्दी और नेचुरल ड्रिंक्स की तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में खजूर के बीज से बनने वाली होममेड कॉफी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है। आमतौर पर लोग खजूर खाने के बाद उसके बीज फेंक देते हैं, लेकिन इन्हीं बीजों से स्वादिष्ट और खुशबूदार ड्रिंक तैयार की जा सकती है। यह ड्रिंक कैफीन फ्री होती है और शरीर को एनर्जी देने में मदद करती है। स्वाद में भी यह हल्की कॉफी जैसी लगती है, इसलिए हेल्थ कॉन्शियस लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

होममेड कॉफी बनाने की सामग्री

इस खास ड्रिंक को बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती। आपको 10-12 खजूर के सूखे बीज, 2 कप पानी, आधा कप दूध, स्वादानुसार शहद या चीनी और थोड़ा सा दालचीनी पाउडर चाहिए। अगर आप ज्यादा फ्लेवर चाहते हैं तो इसमें इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं। यह सभी चीजें आसानी से घर में मिल जाती हैं और कम खर्च में स्वादिष्ट ड्रिंक तैयार हो जाती है।

स्टेप 1: खजूर के बीज तैयार करें

सबसे पहले खजूर के बीजों को अच्छी तरह पानी से धो लें ताकि उन पर लगी मिठास और गंदगी साफ हो जाए। इसके बाद बीजों को धूप में या पंखे के नीचे पूरी तरह सुखा लें। सूखे बीजों को एक पैन में धीमी आंच पर 10-15 मिनट तक भूनें। जब बीजों से कॉफी जैसी खुशबू आने लगे और उनका रंग गहरा हो जाए, तब गैस बंद कर दें।

ये भी पढ़ें- नौतपा की तेज गर्मी में बच्चों और बड़ों को पिलाएं ये 4 एनर्जी ड्रिंक्स, चिलचिलाती गर्मी में तुरंत मिलेगा कूलिंग इफेक्ट

स्टेप 2: बीजों का पाउडर बनाएं

भुने हुए बीज पूरी तरह ठंडे हो जाएं तो इन्हें मिक्सर ग्राइंडर में डालकर बारीक पीस लें। तैयार पाउडर बिल्कुल कॉफी पाउडर जैसा दिखाई देगा। आप इस पाउडर को एयरटाइट डिब्बे में भरकर कई दिनों तक स्टोर भी कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर इसे तुरंत इस्तेमाल किया जा सकता है।

स्टेप 3: कॉफी ड्रिंक तैयार करें

अब एक पैन में पानी गर्म करें और उसमें 2 चम्मच खजूर बीज पाउडर डाल दें। इसे 5-7 मिनट तक उबलने दें ताकि पूरा फ्लेवर पानी में आ जाए। इसके बाद दूध मिलाएं और दो मिनट तक फिर पकाएं। अब इसे छान लें और स्वादानुसार शहद या चीनी डालकर गर्मागर्म सर्व करें।

ये भी पढ़ें- PM मोदी के Melody Moment के बाद वायरल हुई ये टॉफी, जानिए आसान रेसिपी

क्यों खास है ये वायरल ड्रिंक

खजूर बीज से बनी यह ड्रिंक कैफीन फ्री होने के कारण पेट पर भारी नहीं लगती। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं। साथ ही इसका स्वाद भी काफी अलग और रिच होता है। जो लोग ज्यादा कॉफी पीने से बचना चाहते हैं, उनके लिए यह हेल्दी विकल्प साबित हो सकता है।