30 Minute Morning Mobility Yoga: क्या आप भी मॉर्निंग मोबिलिटी योगा के लिए योगा आसान तलाश रहे हैं जो स्ट्रेचिंग नहीं है, बल्कि यह शरीर को पूरे दिन के लिए तैयार करता है? जानें आप हर सुबह किन 5 आसनों को करके पूरे शरीर को हेल्दी बना सकती हैं?

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में ज्यादातर महिलाएं सुबह उठते ही शरीर में जकड़न, कमर दर्द, गर्दन में अकड़न और थकान महसूस करती हैं। लंबे समय तक बैठकर काम करना, कम शारीरिक गतिविधि और बढ़ता तनाव शरीर की मोबिलिटी को प्रभावित करता है। ऐसे में मॉर्निंग मोबिलिटी योगा दिन की शुरुआत करने का एक शानदार तरीका हो सकता है। यह न केवल शरीर को लचीला बनाता है बल्कि जोड़ों की मूवमेंट, ब्लड सर्कुलेशन और एनर्जी लेवल को भी बेहतर बनाने में मदद करता है। अगर आप सुबह सिर्फ 10-15 मिनट निकालकर ये 5 स्ट्रेचिंग आसन करती हैं, तो शरीर पूरे दिन हल्का, एक्टिव और एनर्जेटिक महसूस कर सकता है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मार्जरी-व्याघ्रासन (Cat-Cow Stretch)

मार्जरी-व्याघ्रासन रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाने और पीठ की जकड़न दूर करने के लिए सबसे असरदार योगासन माना जाता है। यह आसन खासतौर पर उन महिलाओं के लिए फायदेमंद है जो लंबे समय तक लैपटॉप या डेस्क पर बैठकर काम करती हैं। योगा मैट पर चारों हाथ-पैरों के बल आ जाएं। सांस अंदर लेते हुए कमर को नीचे की ओर झुकाएं, छाती को ऊपर उठाएं और गर्दन को पीछे की ओर ले जाएं। अब सांस छोड़ते हुए पीठ को गोल करें और ठुड्डी को छाती की ओर ले आएं। इस मूवमेंट को धीरे-धीरे 8 से 10 बार दोहराएं। यह आसन रीढ़ की हड्डी को सक्रिय करता है, पीठ और गर्दन की अकड़न कम करता है तथा सुबह शरीर को मूवमेंट के लिए तैयार करता है।

और पढ़ें - रोज 20 मिनट के ये 3 योगासन, पेट की चर्बी घटाने में करेंगे मदद

अधोमुख श्वानासन (Downward Facing Dog)

यह एक फुल बॉडी स्ट्रेचिंग आसन है जो कंधों, पीठ, हैमस्ट्रिंग और पिंडलियों को स्ट्रेच करता है। सुबह उठने के बाद शरीर में आने वाली जकड़न को दूर करने के लिए यह बेहतरीन योगासन है।चारों हाथ-पैरों के बल स्थिति में आएं। अब कूल्हों को ऊपर उठाएं और शरीर को उल्टे V आकार में ले आएं। हथेलियां और पैर जमीन पर टिके रहें। गर्दन को आरामदायक कंडीशन में रखें और सामान्य सांस लेते रहें। यह आसन पूरे शरीर में ब्लड फ्लो बढ़ाता है, कंधों और पैरों की जकड़न कम करता है तथा शरीर को अधिक लचीला बनाता है।

अंजनेयासन (Low Lunge Stretch)

दिनभर बैठकर काम करने वाली महिलाओं में हिप्स और जांघों में जकड़न आम समस्या होती है। अंजनेयासन हिप फ्लेक्सर्स को खोलने और निचले शरीर की मोबिलिटी बढ़ाने में मदद करता है।एक पैर को आगे और दूसरे पैर को पीछे की ओर फैलाएं। पीछे वाले घुटने को जमीन पर टिकाएं। अब दोनों हाथों को ऊपर उठाकर शरीर को हल्का पीछे की ओर स्ट्रेच करें। कुछ सेकंड तक इसी स्थिति में रहें और फिर दूसरी तरफ दोहराएं। यह आसन हिप्स को खोलता है, जांघों में लचीलापन बढ़ाता है और लंबे समय तक बैठने के कारण होने वाली अकड़न को कम करता है।

और पढ़ें -  गर्भावस्था में एक्टिव रहने के लिए करें ये 4 योगासन, मिलेगा डबल फायदा

पार्श्व ताड़ासन (Standing Side Stretch)

सुबह शरीर को साइड से स्ट्रेच करने के लिए पार्श्व ताड़ासन एक आसान और प्रभावी योगासन है। यह कमर, पेट और कंधों की मांसपेशियों को एक्टिव करता है। सीधे खड़े हो जाएं और दोनों हाथों को सिर के ऊपर ले जाएं। अब शरीर को धीरे-धीरे दाईं ओर झुकाएं और कुछ सेकंड रुकें। फिर बाईं ओर यही प्रक्रिया दोहराएं। यह आसन कमर की जकड़न कम करता है, रीढ़ की लचक बढ़ाता है और शरीर के साइड हिस्सों को स्ट्रेच करता है।

बालासन (Child's Pose)

बालासन एक रिलैक्सिंग स्ट्रेच है जो शरीर और मन दोनों को शांत करने का काम करता है। मॉर्निंग मोबिलिटी रूटीन के अंत में इसे करने से शरीर को आराम मिलता है। वज्रासन में बैठें और धीरे-धीरे आगे झुकते हुए माथे को जमीन पर टिकाएं। हाथों को आगे की ओर फैलाएं और गहरी सांस लेते रहें। यह आसन कमर और पीठ को आराम देता है, तनाव कम करता है और शरीर को दिनभर के लिए शांत एवं बैलेंस महसूस कराता है।