01:43 PM (IST) Aug 03
पिछले 24 घंटों में दर्ज किए गए 4 नए FIR

नूंह के एसपी वरुण सिंगला ने कहा, “शुरुआती घटना के बाद किसी ताजा हिंसा की खबर नहीं आई है। सभी इलाकों में फोर्स तैनात कर दी गई है। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की करीब 14 कंपनियां बुलाई गई हैं। हरियाणा पुलिस की 21 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। दिन-रात चौकसी बरती जा रही है। पिछले 24 घंटों की बात करें तो चार नई एफआईआर दर्ज की गई हैं।”

12:05 PM (IST) Aug 03
नूंह हिंसा के आरोपियों को कोर्ट में किया गया पेश

नूंह हिंसा के आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। 139 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें से 19 को सदर थाना में रखा गया था। इनपर आगजनी, लूटपाट, पथराव और हिंसा के आरोप लगे हैं।

11:48 AM (IST) Aug 03
बाइक सवार लोगों ने मस्जिदों पर पेट्रोल बम फेंके

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार की रात हरियाणा के नूंह जिले के ताउरू में दो मस्जिदों पर मोलोटोव कॉकटेल (पेट्रोल बम) फेंके। घटना रात करीब 11:30 बजे हुई। इनमें कोई घायल नहीं हुआ। एक मस्जिद विजय चौक के पास स्थित और दूसरी पुलिस स्टेशन के पास है।

09:42 AM (IST) Aug 03
गोरक्षक बिट्टू बजरंगी ने कहा- पूजा के लिए थीं नूंह रैली में तलवारें

गौरक्षक बिट्टू बजरंगी ने हरियाणा के नूंह में विश्व हिंदू परिषद की ब्रज मंडल यात्रा में भाग लिया था। बिट्टू बजरंगी ने कहा कि हर साल की तरह इस साल भी हमने शोभा यात्रा का आयोजन किया था। यात्रा का नूंह के नल्हड़ महादेव मंदिर तक जाने और वहां से अन्य इलाकों में जाने का कार्यक्रम था। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग यात्रा में शामिल थे। हमने मंदिर में पूजा की, कीर्तन का आयोजन किया। वहां से वापसी का केवल एक ही रास्ता था। जैसे ही गाड़ियाँ निकलने लगीं, हम बमुश्किल लगभग 500 मीटर की दूरी तय कर पाए थे, तभी हमने देखा कि सामने वाली कारों को उपद्रवियों ने आग लगा दी थी।

बिट्टू बजरंगी ने कहा कि यात्रा में कुछ लोग हथियार ले जा रहे थे, लेकिन वे सभी लाइसेंस वाले हथियार थे। जो तलवारें हम ले जाते हैं, उनका इस्तेमाल पूजा, विवाह और अन्य अनुष्ठानों में होता है। उनमें धार नहीं होती।

08:47 AM (IST) Aug 03
अमेरिकी विदेश विभाग ने की शांति की अपील

गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में झड़पों के बारे में पूछे जाने पर अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता मैथ्यू मिलर ने कहा कि हम शांति की अपील कर रहे हैं। इस संबंध में हम अपने दूतावास से जानकारी ले रहे हैं।

08:11 AM (IST) Aug 03
नूंह में लगा है कर्फ्यू

नूंह में हिंसा भड़कने के बाद से कर्फ्यू लगा है। गुरुवार सुबह चंद लोग बेहद जरूरी काम से घर से बाहर निकले। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। स्थिति नियंत्रित लेकिन तनावपूर्ण है। एक स्थानीय महिला ने कहा कि कर्फ्यू लगने से काफी परेशानी हो रही है। हमें राशन तक खरीदने में दिक्कत हो रही है। चारों ओर डर का माहौल है। हम बच्चों को बाहर नहीं भेज रहे हैं। हमें रात में भी बहुत डर लगता है, पता नहीं क्या हो जाएगा।