बेंगलुरु की एक शांत गली में हर सुबह एक रहस्यमयी दृश्य लोगों का ध्यान खींच रहा है। बिना कैमरे, बिना शोहरत और बिना किसी उम्मीद के एक महिला पिछले 10 सालों से मज़दूरों, फेरीवालों और आवारा जानवरों को चाय, बिस्किट, खाना और अपनापन दे रही है। वायरल Instagram पोस्ट ने इस ‘गुमनाम फरिश्ते’ की कहानी दुनिया तक पहुंचा दी।,  

Bengaluru Moman Kindness Viral Kindness Story: बेंगलुरु के एक शांत से मोहल्ले में पिछले एक दशक से हर सुबह कुछ ऐसा घट रहा था, जिसकी भनक सोशल मीडिया की चकाचौंध को बिल्कुल नहीं थी। आज के डिजिटल दौर में जहां लोग एक छोटा सा दान करने के लिए भी कैमरे और रील्स का सहारा लेते हैं, वहीं एक महिला चुपचाप इंसानियत की एक अनोखी मिसाल पेश कर रही थी। लेकिन कहते हैं न कि अच्छाई को ज्यादा दिनों तक छिपाया नहीं जा सकता; आखिरकार एक पड़ोसी की नजर इस निस्वार्थ कहानी पर पड़ी और यह देखते ही देखते पूरे इंटरनेट पर छा गई।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एक सुबह का रहस्य और गली में जुटने वाली वो 'खास' भीड़...

इस कहानी की शुरुआत बेंगलुरु की एक आम सी गली से होती है, जहां हर सुबह एक घर के दरवाजे पर कुछ लोग बेहद सम्मान के साथ आकर रुकते हैं। ये लोग कोई बड़े रईस या वीआईपी नहीं, बल्कि हमारे समाज के वो कर्मवीर हैं जो शहर को साफ और सुंदर रखते हैं-नगर निगम के कर्मचारी, सड़क पर सब्जी और फल बेचने वाले। पिछले 10 सालों से इस गली में रहने वाले किराएदार जगदीश नदानल्ली रोज सुबह खिड़की से यह नजारा देखते थे। उन्होंने देखा कि एक महिला बिना किसी नागा के, हर आने वाले जरूरतमंद को गरम चाय, कॉफी, ताजा ब्रेड, बिस्किट और केले बांटती है। सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उन कामकाजी लोगों और महिला के बीच कोई व्यावसायिक रिश्ता नहीं था, बल्कि वहां सिर्फ और सिर्फ 'सच्चा प्यार' और अपनापन तैरता था।

View post on Instagram

कैमरे से दूर, 10 साल का वो मौन व्रत जिसका सच अब आया सामने

जब पड़ोसी जगदीश ने इस अद्भुत और शांत दिनचर्या का एक छोटा सा वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, तो सोशल मीडिया यूजर्स की आंखें नम हो गईं। जगदीश ने लिखा: "यह महिला हमारी बिल्डिंग के ठीक सामने रहती हैं। मैंने इन्हें कई सालों से देखा है। लगभग हर दिन, वह हमारी गली में आने वाले सफाई कर्मचारियों को मुस्कुराकर नाश्ता देती हैं। कुछ सब्जी और फल वाले तो सिर्फ इनसे दो बातें करने के लिए यहां रुकते हैं, भले ही उस दिन उनका कोई सामान न बिक रहा हो। वे उन्हें अपने परिवार का सदस्य मानती हैं।" आज के समय में जहां क्रिएटर्स सिर्फ व्यूज और सब्सक्राइबर्स के लिए 'दिखावे की भलाई' करते हैं, वहां इस महिला का पिछले 3600 से ज्यादा दिनों तक बिना किसी पहचान या तारीफ की चाह के यह सेवा करना किसी चमत्कार से कम नहीं था।

सिर्फ इंसान ही नहीं, बेजुबानों के लिए भी खुला रहता है इस 'मां' का दरबार

इस दयालु महिला की ममता केवल इंसानों तक ही सीमित नहीं थी। वीडियो के जरिए यह भी सामने आया कि उनके घर के बाहर हमेशा एक कटोरा रखा रहता है, जिसमें ताज़ा दूध, चावल या आवारा कुत्तों और बिल्लियों के लिए पेट भर खाना होता है। यही वजह है कि उनके दरवाजे पर हमेशा कोई न कोई वफादार जानवर पहरा देता नजर आता है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी छत को भी चिड़ियों का बसेरा बना रखा है, जहां हर वक्त अनाज, दालें और पानी का पूरा इंतजाम रहता है।

इंटरनेट पर उमड़ा आंसुओं का सैलाब: जब बेटी ने किया भावुक कमेंट

जैसे ही यह पोस्ट इंटरनेट पर वायरल हुई, वैसे ही इस पर लाखों लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। लेकिन सस्पेंस और भावुकता तब अपनी चरम सीमा पर पहुंच गई जब उस महिला की सगी बेटी ने खुद उस पोस्ट के नीचे कमेंट किया। बेटी ने लिखा, "मेरी मां की इस चुपचाप की जा रही भलाई की यात्रा को नोटिस करने के लिए आपका धन्यवाद। जो बात इसे और खास बनाती है, वो यह है कि उन्होंने कभी इसके बदले किसी पुरस्कार या पहचान की उम्मीद नहीं की।" इंटरनेट यूजर्स इस महिला को 'महान मां' का दर्जा दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "सच्ची शांति उन्हीं को मिलती है जो अपने सीमित संसाधनों को भी बेजुबानों और जरूरतमंदों के साथ बांटना जानते हैं।" इस कहानी ने यह साबित कर दिया है कि दुनिया को बदलने के लिए बड़े-बड़े भाषणों की नहीं, बल्कि 'चाय, बिस्किट और सच्चे प्यार' से भरे एक छोटे से निस्वार्थ दिल की जरूरत होती है।