Delhi Weather: दिल्ली में आज शाम कितनी तेज आंधी और बारिश की संभावना है? दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी से कितनी और कब तक राहत मिलेगी? IMD की ओर से दिल्ली के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट क्या है?

IMD Delhi Weather: दिल्ली-एनसीआर में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच आज शाम से मौसम राहत देने वाला है। मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। गुरुवार शाम से ही मौसम बदलने के संकेत मिलने लगे हैं और अगले तीन दिनों तक दिल्ली का मौसम पूरी तरह बदला हुआ नजर आ सकता है। IMD के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहेगा। हालांकि दोपहर और शाम के समय हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी चल सकती है। कुछ इलाकों में बिजली चमकने और धूल भरी आंधी की भी आशंका है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी, कितनी गंभीर है स्थिति?

दिल्ली के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसका मतलब है कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में शुरू हुई थंडरस्टॉर्म गतिविधियां शाम तक दिल्ली-एनसीआर पहुंच सकती हैं और रातभर असर दिखा सकती हैं। स्काइमेट के मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत के मुताबिक, शुक्रवार को बारिश और आंधी का असर और ज्यादा बढ़ सकता है। यह सिस्टम 30 मई तक एक्टिव रह सकता है।

Scroll to load tweet…

7 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

दिल्ली वालों के लिए सबसे बड़ी राहत तापमान में गिरावट होगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 मई से अधिकतम तापमान अचानक गिरकर 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री तक आ सकता है। 30 और 31 मई को भी मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना है। यानी भीषण लू से परेशान लोगों को अगले कुछ दिन राहत मिल सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में कब होगी सबसे ज्यादा बारिश?

मौसम विभाग के अनुसार, शाम 6 बजे से रात 9 बजे के बीच दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

फ्लाइट्स पर भी असर, SpiceJet ने जारी किया अपडेट

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है। एयरलाइन SpiceJet ने कहा है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर खराब मौसम की वजह से उड़ानों के आने-जाने में देरी हो सकती है। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर चेक करने की सलाह दी गई है।

Scroll to load tweet…

अचानक क्यों बदला दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और पूर्वी हवाओं की वजह से उत्तर भारत के मौसम में बड़ा बदलाव हो रहा है। इसी कारण दिल्ली समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।

दिल्ली वालों के लिए राहत भरे अगले 3 दिन

पिछले कई दिनों से 45 डिग्री तक पहुंच रहे तापमान ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया था। लेकिन अब आने वाले तीन दिन राहत भरे रहने वाले हैं। हालांकि तेज आंधी और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग की ताजा अपडेट्स पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।