दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दुर्गा पूजा को लेकर सीआर पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 के लिए एडवाइजरी जारी की है। 16 से 20 अक्टूबर तक शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक प्राइवेट गाड़ियों की एंट्री बंद रहेगी।
नई दिल्ली : दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने साउथ दिल्ली के चितरंजन पार्क (CR पार्क), ग्रेटर कैलाश-2 (GK-II) और आस-पास के इलाकों में दुर्गा पूजा को लेकर एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 16 से 20 अक्टूबर तक हर दिन शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक इन इलाकों में ट्रैफिक पाबंदियां लागू रहेंगी।
CR पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 में घुसने की इजाजत नहीं
एडवाइजरी के मुताबिक, दिल्ली और आस-पास के इलाकों से भारी संख्या में लोगों के पूजा पंडालों में आने की उम्मीद है। चूंकि ये पंडाल रिहायशी कॉलोनियों में हैं, जहां सड़कें संकरी हैं और पार्किंग की कोई खास जगह नहीं है, इसलिए शाम के वक्त भारी भीड़ और जाम लगने की आशंका है। पाबंदी वाले समय के दौरान, श्रद्धालुओं और आम लोगों की प्राइवेट गाड़ियों को CR पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 में घुसने की इजाजत नहीं होगी।
दिल्ली के इन रास्तों पर जानें से बचें
- ट्रैफिक पुलिस ने उन रास्तों की लिस्ट भी जारी की है जहां जाम लग सकता है। इनमें वसंत विहार और मोदी मिल फ्लाईओवर के बीच आउटर रिंग रोड, CR पार्क के पास लाला लाजपत राय मार्ग, रिंग रोड और आउटर रिंग रोड के बीच अगस्त क्रांति मार्ग, और खानपुर से जामिया हमदर्द के बीच महरौली-बदरपुर रोड शामिल हैं।
- इसके अलावा, डीडीए फ्लैट्स कालकाजी और जामिया हमदर्द के बीच गुरु रविदास मार्ग, खानपुर और चिराग दिल्ली फ्लाईओवर के बीच लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, चिराग दिल्ली फ्लाईओवर और मूलचंद फ्लाईओवर के बीच जोसिप ब्रोज़ टीटो मार्ग के साथ-साथ CR पार्क और ग्रेटर कैलाश-2 की अंदरूनी सड़कों पर भी ट्रैफिक भारी रहेगा।
इन मेट्रों का करें इस्तेमाल?
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे पूजा पंडालों तक पहुंचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करें। ग्रेटर कैलाश और नेहरू एन्क्लेव मेट्रो स्टेशनों पर टैक्सी और ऑटो-रिक्शा के लिए ड्रॉप-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं। यहां से लोग आसानी से पंडालों तक जा सकते हैं।
यहां गाड़ी खड़ी करना भी सख्त मना
- एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि इन इलाकों में कहीं भी गाड़ी खड़ी करने (अनधिकृत पार्किंग) की इजाजत नहीं होगी। अगर कोई गाड़ी गलत तरीके से पार्क की गई या उससे ट्रैफिक में रुकावट आई, तो उसे क्रेन से उठा लिया जाएगा और कानून के मुताबिक चालान कटेगा।
- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपना रूट प्लान कर लें, थोड़ा जल्दी निकलें और एक्स्ट्रा समय लेकर चलें। जब तक बहुत जरूरी न हो, जाम वाले रास्तों पर जाने से बचें। इसके साथ ही, मेन रोड पर सवारियों को उतारने के लिए टैक्सी या ऑटो रोकने से भी मना किया गया है।
- पुलिस ने सभी से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों के निर्देशों को मानने और दुर्गा पूजा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।








