गुरुग्राम में एक महिला को ब्लिंकिट ऑर्डर में 'गोपनीय तस्वीरें' लिखा लिफाफा मिला। डरकर खोलने पर पता चला कि यह एक कंपनी का विज्ञापन था, जिसमें गंदे घर की तस्वीरें थीं। यह एक अनोखा मार्केटिंग स्टंट था।

गुरुग्राम: गुरुग्राम में एक कॉर्पोरेट कंपनी में काम करने वाली लड़की के साथ एक अजीबोगरीब घटना हुई। उसने ग्रॉसरी डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट से कुछ सामान ऑर्डर किया था। कुछ ही देर में जब ऑर्डर आया और उसने पैकेट खोला तो उसके होश उड़ गए। ऑर्डर के सामान के साथ एक लिफाफा भी था, जिस पर हाथ से लिखा था- 'गोपनीय तस्वीरें' (Confidential Photos)।

यह देखकर लड़की बुरी तरह घबरा गई। उसे लगा कि कहीं किसी ने होटल या किसी और जगह पर उसकी खुफिया तस्वीरें खींचकर ब्लैकमेल करने की कोशिश तो नहीं की है। डर और घबराहट के बीच जब उसने लिफाफा खोला, तो वो हैरान रह गई।

ब्लिंकिट के पार्सल ने डराया

गुरुग्राम की इस कॉर्पोरेट कर्मचारी ने अपना यह अनुभव एक वीडियो के जरिए शेयर किया है। उसने बताया कि उसने केक और कुछ किराने का सामान ब्लिंकिट से ऑर्डर किया था। हमेशा की तरह, ब्लिंकिट ने कुछ ही मिनटों में ऑर्डर उसके घर पहुंचा दिया। लड़की अपने कॉर्पोरेट काम के बीच केक खाकर अपना प्रोजेक्ट पूरा करने का सोच रही थी, इसलिए उसने जल्दी से पार्सल खोला।

ये भी पढ़ें - टीचर पति की 'एक्स्ट्रा क्लास' का खुला राज!

'गोपनीय तस्वीरें' देख उड़े होश

जब वह पार्सल से किराने का सामान निकाल रही थी, तो उसे पैकेट के अंदर कुछ और भी महसूस हुआ। उसने देखा तो अंदर एक लिफाफा था। जैसे ही उसने लिफाफा बाहर निकाला, उसकी चिंता बढ़ गई, क्योंकि उस पर 'गोपनीय तस्वीरें' लिखा हुआ था।

ये भी पढ़ें - दिल्ली के इस डिलीवरी बॉय की कहानी दिल जीत लेगी

लिफाफे के अंदर क्या था?

एक पल के लिए लड़की का दिमाग सुन्न हो गया। उसके मन में तरह-तरह के ख्याल आने लगे। क्या किसी ने कंपनी की पार्टी में या कहीं और चुपके से उसकी तस्वीरें ले लीं? क्या अब उसे इन तस्वीरों से ब्लैकमेल किया जाएगा? इन्हीं सब सवालों के बीच उसने हिम्मत करके लिफाफा खोलने का फैसला किया। जब उसने लिफाफा खोला, तो पहली तस्वीर एक पुराने और गंदे सिंक और नल की थी। दूसरी तस्वीर में किराने का सामान रखने वाली एक गंदी जगह थी। तीसरी कोई तस्वीर नहीं थी, बल्कि एक नोट था।

उस नोट को पढ़ते ही लड़की ने राहत की सांस ली। दरअसल, यह एक प्राइवेट कंपनी का विज्ञापन था। उसमें लिखा था, 'क्या आपका घर अपनी चमक खो चुका है? तो हम आपके घर की सुंदरता बढ़ाकर उसे नया जैसा बना देंगे।' लड़की ने कहा, 'इस विज्ञापन ने तो मेरी धड़कनें ही बढ़ा दी थीं।' यह विज्ञापन ब्लिंकिट के साथ मिलकर किया गया था, जिसने कई लोगों को चौंका दिया। अब इस लड़की का वीडियो वायरल हो गया है।