सऊदी अरब के मदीना को निशाना बनाकर हूतियों ने बैलिस्टिक मिसाइल दागी। हालांकि, सऊदी एयर डिफेंस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मिसाइल को टारगेट तक पहुंचने से पहले ही हवा में नष्ट कर दिया।

रियाद: सऊदी अरब के मदीना इलाके को निशाना बनाकर हूतियों ने एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी, जिसे सऊदी एयरफोर्स ने नाकाम कर दिया है। यमन में गठबंधन सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एयर डिफेंस फोर्स की समय पर की गई कार्रवाई से मिसाइल को उसके टारगेट तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया गया।

गठबंधन सेना के प्रवक्ता तुर्की अल-मलिकी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर बताया कि 'सऊदी एयर डिफेंस ने आतंकी संगठन हूती मिलिशिया द्वारा मदीना की तरफ दागी गई बैलिस्टिक मिसाइल को रोककर नष्ट कर दिया है।' इसके तुरंत बाद, सऊदी के पूर्वी प्रांत के ऊपर से गुजर रहे हूतियों के एक ड्रोन को भी एयरफोर्स ने मार गिराया। इलाके के हवाई क्षेत्र और प्रमुख केंद्रों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Scroll to load tweet…

एक और भारतीय की मौत

10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हूती हमले में गंभीर रूप से घायल एक और भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। वह आईसीयू में भर्ती थे। रियाद में भारतीय दूतावास ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। दूतावास ने कहा कि वे हादसे के वक्त से ही परिवार के संपर्क में हैं और इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। मृतक के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना जताते हुए दूतावास ने साफ किया कि परिवार की इच्छा के अनुसार शव को भारत भेजने या रियाद में ही अंतिम संस्कार करने के लिए हर संभव मदद दी जाएगी।