Pune Wari Yatra accident : पुणे में आषाढ़ी वारी के दौरान एक भयानक हादसा हो गया। 70 साल के एक बुजुर्ग ने पैदल चल रही महिला तीर्थयात्रियों के एक समूह को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई।
पुणे (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के पुणे में आषाढ़ी वारी में शामिल तीर्थयात्रियों के लिए सोमवार का दिन मातम लेकर आया। पैदल यात्रा कर रहे तीर्थयात्रियों के एक समूह को एक ट्रक ने टक्कर मार दी, जिसमें तीन महिला तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
विट्ठल भक्तों की पदयात्रा में दर्दनाक हादसा
- पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सासवड-जेजुरी रोड पर बेलसर टोल नाका से करीब 500 मीटर आगे, होटल शिपदीप लॉजिंग के पास हुआ।
- पुलिस ने बताया कि जिस ट्रक से यह हादसा हुआ, वह नांदेड़ जिले की एक 'डिंडी' (तीर्थयात्रियों का समूह) का था.। इस ट्रक ने सांगली जिले की 'डिंडी' की सात महिला वारकरियों (भगवान विट्ठल के भक्त) को टक्कर मार दी।
70 साल का बुजुर्ग ने 3 महिलाओं को मार डाला?
- इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गईं. घायलों को इलाज के लिए जेजुरी के एक अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया है।
- पुलिस ने बताया कि ट्रक एक 70 वर्षीय व्यक्ति चला रहा था, जिसे हिरासत में ले लिया गया है. पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं और कानूनी कार्रवाई की जा रही है. मामले की आगे की जांच जारी है।
- पुणे पुलिस (ग्रामीण) ने एक बयान में कहा, "नांदेड़ जिले के लोहा के रंगनाथ महाराज पोखरबीसीकर की डिंडी से जुड़े एक ट्रक का, सांगली जिले के कसबे डिग्रज की डिंडी की सात महिला वारकरियों के साथ एक्सीडेंट हो गया। इस मामले में और जानकारी का इंतजार है।
क्या होती है 'वारी' तीर्थयात्रा?
बता दें कि 'वारी' महाराष्ट्र की सदियों पुरानी एक तीर्थयात्रा परंपरा है. यह वारकरी पंथ की एक मुख्य धार्मिक पहचान है. आषाढ़ी वारी 21 दिनों की एक पदयात्रा होती है, जिसमें महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से भक्त भगवान विट्ठल के धाम पंढरपुर तक पैदल जाते हैं


