Ram Mandir Donation Scam :अयोध्या राम मंदिर में दान घोटाले की जांच कर रही SIT जांच पूरी हो चुकी है। टीम अगले 24 से 48 घंटों में अपनी फाइनल रिपोर्ट यूपी सरकार को सौंप सकती है

अयोध्या (उत्तर प्रदेश): अयोध्या राम मंदिर में दान की रकम में कथित गड़बड़ी की जांच के लिए बनी स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) अगले 24 से 48 घंटों में अपनी फाइनल रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंप सकती है। बुधवार को सूत्रों ने बताया कि यह रिपोर्ट गुरुवार या शुक्रवार तक जमा की जा सकती है।सूत्रों का यह भी कहना है कि अब SIT की जांच का समय और नहीं बढ़ाया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने 1 जुलाई को SIT को 15 दिनों का एक्सटेंशन दिया था।

राम मंदिर के CCTV में कैद 70 संदिग्ध घटनाएं 

यह एक्सटेंशन इसलिए दिया गया था ताकि SIT अपनी जांच का दायरा बढ़ा सके और मामले के हर पहलू की गहराई से पड़ताल कर सके। SIT की शुरुआती रिपोर्ट में सामने आया था कि पहली नजर में, 27 अप्रैल से 5 जून, 2026 के बीच CCTV में करीब 70 संदिग्ध घटनाएं कैद हुई थीं। CCTV फुटेज में गिनती करने वाले कर्मचारी कैश के बंडल छिपाते हुए दिखे थे।

SIT रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

  • शुरुआती रिपोर्ट में कई खामियों की ओर इशारा किया गया था। इसमें बताया गया कि एंट्री और एग्जिट पर कोई तलाशी नहीं होती थी, कर्मचारियों के निजी सामान पर कोई कंट्रोल नहीं था और कई दान पेटियों का कैश एक साथ गिना जाता था। इन्हीं वजहों से यह अपराध संभव हो पाया।
  • रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जांच से पहले कुछ कर्मचारियों से करीब 78.94 लाख रुपये बरामद किए गए थे। इसके अलावा, 4 जून, 2026 को गिनती वाले कमरे से जुड़े बाथरूम से 2.25 लाख रुपये और बरामद होने का आरोप है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सोशल मीडिया पर चांदी की ईंटों या अन्य कीमती चढ़ावे के गायब होने के दावों का समर्थन करने के लिए कोई शुरुआती सबूत नहीं मिला है।

चंदा चुराने वाले सभी आरोपी जेल में

इस बीच, अयोध्या की एक अदालत ने सोमवार को राम मंदिर दान गबन मामले के सभी आठ आरोपियों की न्यायिक हिरासत 14 दिनों के लिए बढ़ा दी थी। आरोपियों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई थी और अब उन्हें 27 जुलाई को फिर से पेश होना है।

सुप्रीम कोर्ट योगी सरकार को जारी किया था नोटिस

  • सुप्रीम कोर्ट ने भी सोमवार को राम जन्मभूमि मंदिर में दान के कथित दुरुपयोग की स्वतंत्र, कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग वाली याचिकाओं पर केंद्र, उत्तर प्रदेश सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को नोटिस जारी किया था।
  • चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्य कांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची और वी मोहन की बेंच ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित SIT को एक स्टेटस रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है, जिसमें उसकी संरचना का विवरण भी शामिल हो। मामले पर अगले सोमवार को फिर से विचार किया जाएगा
  • आरोपों के बाद, ट्रस्ट के कई शीर्ष अधिकारियों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए गए थे, जिनमें ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा और गोपाल राव शामिल थे।