Sitapur Ganesh Puja Accident: सीतापुर की पंजाबी धर्मशाला में गणेश पूजन के दौरान तेज बारिश के बीच तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल समेत गिर गई। हादसे में 58 वर्षीय महिला की मौत और 10 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हुए।
सीतापुर में गणेश पूजन का माहौल उस वक्त चीख-पुकार में बदल गया, जब तेज बारिश के बीच पंजाबी धर्मशाला में तीसरी मंजिल की रेलिंग अचानक टूटकर नीचे जा गिरी। तिरपाल पर जमा बारिश के पानी का भार बढ़ने के बाद हुए इस हादसे में 58 वर्षीय महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
तिरपाल पर जमा हुआ पानी, अचानक टूट गई रेलिंग
हादसा शहर के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ। यहां गणेशोत्सव के तहत गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना चल रही थी। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश का पानी आंगन में लगाए गए तिरपाल पर जमा होता चला गया। पानी का भार बढ़ने के बाद तीसरी मंजिल की रेलिंग तिरपाल समेत टूटकर नीचे मौजूद श्रद्धालुओं पर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें: 10 सीटें, 397 विधायक और 37 वोट का कोटा... समझिए UP राज्यसभा का पूरा गणित
अस्पताल पहुंचाए गए 10 से ज्यादा घायल
घटना में निधि गोली, कनिका गुप्ता, आदर्श गुप्ता, बिन्नी कोहली, अदिति वाजपेई, बबलू वाजपेई, सभासद विजयलक्ष्मी नगर, नीति मल्होत्रा और उमा कपूर समेत कई श्रद्धालु घायल हुए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इलाज के दौरान 58 वर्षीय उमा कपूर पत्नी शम्मी कपूर की मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक कुछ घायलों को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
DM-SP ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
हादसे की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल और एसडीएम सदर समेत प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस-प्रशासन की टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है। धर्मशाला की संरचनात्मक सुरक्षा और रेलिंग टूटने के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें: BJP की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी से राम माधव तक किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी?
