Ukraine Adult Content Bill: रूस से जंग के बीच यूक्रेन संसद में एडल्ट कंटेंट पर टैक्स का बिल लेकर आया है। इससे होने वाली कमाई पर टैक्स लेकर सरकार युद्ध खर्च जुटाना चाहती है।
Ukraine Adult Industry Legal Bill: रूस से जंग के बीच यूक्रेन सरकार ने कमाई का एक ऐसा रास्ता तलाशा है, जिस पर दुनियाभर की नजरें टिक गई हैं। देश में एडल्ट कंटेंट के कारोबार को कानूनी दायरे में लाने और उससे टैक्स वसूलने का प्रस्ताव संसद में आगे बढ़ाया गया है। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि क्या OnlyFans जैसे प्लेटफॉर्म से आने वाला पैसा अब यूक्रेन की जंग में काम आएगा? जानकारी के मुताबिक, यूक्रेन के सामने इस समय पैसों की बड़ी जरूरत है। सेना, हथियार ड्रोन और दूसरे रक्षा सामान पर भारी खर्च हो रहा है। ऐसे में सरकार उन कारोबारों से भी टैक्स जुटाने की कोशिश कर रही है, जो अभी पूरी तरह साफ कानूनी दायरे में नहीं आते हैं।
कितनी कमाई हो सकती है?
'द वॉल स्ट्रीट जर्नल' की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर एडल्ट कंटेंट कारोबार को कानूनी मंजूरी देकर टैक्स सिस्टम में लाया जाता है, तो यूक्रेन सरकार को हर साल करीब 2.5 करोड़ डॉलर की अतिरिक्त कमाई हो सकती है। भारतीय रुपए में ये रकम करीब 236 करोड़ के आसपास है। यूक्रेन के सांसद यारोस्लाव झेलेजनियाक का कहना है कि इस पैसे से करीब 30 हजार ड्रोन खरीदे जा सकते हैं।
OnlyFans से जुड़ा है बड़ा पैसा
यूक्रेन में ऑनलाइन एडल्ट कंटेंट का बाजार तेजी से बढ़ा है। इसमें OnlyFans जैसे प्लेटफॉर्म की बड़ी भूमिका है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में करीब 8 हजार यूक्रेनियों ने OnlyFans से 13.1 करोड़ डॉलर से ज्यादा कमाए। भारतीय करेंसी में ये रकम करीब 1,237 करोड़ रुपए बैठती है। खास बात ये है कि ये पूरे एडल्ट कंटेंट बाजार की कमाई नहीं है। यह सिर्फ OnlyFans से जुड़ा आंकड़ा है। इसीलिए सरकार को लगता है कि अगर इस सेक्टर को नियमों के अंदर लाया जाए, तो इससे टैक्स के रूप में पैसा जुटाया जा सकता है।
अभी परेशानी क्या है?
यूक्रेन में पोर्न कंटेंट बनाना और बांटना कानूनी परेशानी खड़ी कर सकता है। ऐसे में कोई क्रिएटर अपनी कमाई सरकार को बताकर टैक्स देना चाहे, तो उसके सामने एक अजीब स्थिति बन जाती है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ क्रिएटर्स ने अपनी कमाई घोषित करके टैक्स देने की कोशिश की, लेकिन बाद में उन्हें एडल्ट कंटेंट से जुड़े कानूनों के तहत जांच का सामना करना पड़ा। यही वजह है कि बिल के समर्थक मौजूदा सिस्टम को बदलना चाहते हैं।
टैक्स के साथ भ्रष्टाचार पर भी निशाना
बिल लाने वालों का कहना है कि इसका मकसद सिर्फ सरकार की जेब भरना नहीं है। उनका दावा है कि जब कोई कारोबार गैरकानूनी या आधा-अधूरा कानूनी होता है, तो उसमें छिपकर काम करने और अधिकारियों से बचने की कोशिश बढ़ जाती है। यूक्रेन में एडल्ट कंटेंट कारोबार से जुड़े लोगों से अधिकारियों द्वारा रिश्वत लेने के आरोप भी सामने आए हैं। समर्थकों का तर्क है कि अगर कारोबार के लिए साफ नियम बनेंगे, तो पुलिस और अधिकारियों के साथ होने वाले ऐसे विवाद और भ्रष्टाचार कम किए जा सकते हैं।
पुलिस का फोकस कहां होना चाहिए?
इस बिल के समर्थकों की एक और दलील काफी अहम है। उनका कहना है कि पुलिस को वयस्कों के बीच सहमति से बनाए गए कंटेंट के मामलों में समय लगाने के बजाय बच्चों के यौन शोषण और दूसरे गंभीर अपराधों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। हालांकि, बच्चों से जुड़ी पोर्नोग्राफी को अपराध ही रखा जाएगा। ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी और सजा को और सख्त करने की बात भी प्रस्ताव में शामिल है।
एक क्रिएटर ने दिए 9 लाख डॉलर टैक्स
इस पूरे विवाद में एडल्ट कंटेंट क्रिएटर स्वितलाना द्वोर्निकोवा का मामला भी सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनका दावा है कि वह अब तक करीब 9 लाख डॉलर, यानी करीब 8.5 करोड़ रुपए, टैक्स के तौर पर दे चुकी हैं। उनका कहना है कि अगर सरकार इस कारोबार को साफ नियमों के साथ कानूनी बना देती है, तो इससे मिलने वाला टैक्स देश के लिए काम आ सकता है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की वेबसाइट पर याचिका भी दायर की थी। इस याचिका को 25 हजार से ज्यादा लोगों का समर्थन मिला। इसके बाद इस मुद्दे पर संसद में आगे बढ़ने का रास्ता बना।
संसद में बिल को कितना समर्थन मिला?
यूक्रेन की संसद में इस प्रस्ताव को जुलाई में पहली रीडिंग में मंजूरी मिल चुकी है। वोटिंग में 231 सांसदों ने समर्थन किया, 8 सांसदों ने विरोध किया, जबकि 3 सांसद वोटिंग से दूर रहे। अब बिल को दूसरी रीडिंग से गुजरना है।


