राम मंदिर की सुरक्षा के लिए योगी सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि के बाहर 1128.75 लाख रुपये की लागत से आधुनिक प्रशासनिक भवन और हाईटेक कंट्रोल रूम तैयार किया है, जहां से निगरानी, ट्रैफिक और आपात सेवाओं की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग होगी।

अयोध्या। राम मंदिर की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ठीक बाहर पुलिस विभाग की 12 हजार वर्ग फीट भूमि पर एक आधुनिक प्रशासनिक भवन और कंट्रोल रूम का निर्माण पूरा कर लिया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

1128.75 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ अत्याधुनिक भवन

यह प्रशासनिक भवन 1128.75 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। इस परियोजना का संचालन गृह विभाग द्वारा किया गया, जबकि निर्माण कार्य दिसंबर 2023 में सीएंडडीएस (CNDS) निर्माण संस्था के माध्यम से शुरू हुआ था।

G+1 भवन में बनेगा हाईटेक कंट्रोल रूम

G+1 मंजिला इस भवन के बेसमेंट में मुख्य कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम अत्याधुनिक तकनीक से लैस होगा, जहां से सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं की रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।

आधुनिक सुविधाओं से लैस है नया प्रशासनिक भवन

वेद मंदिर के पास बने इस भवन में आंतरिक और बाहरी विकास कार्यों के अंतर्गत कई आधुनिक सुविधाएं शामिल की गई हैं। इनमें सीमेंट कंक्रीट रोड (CC रोड), रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, बाहरी जलमल निकासी व्यवस्था, एयर-कंडीशन्ड सिस्टम, सबमर्सिबल पम्प के साथ बोरिंग, हाई-स्पीड लिफ्ट, पूर्ण विद्युतीकरण, मजबूत बाउंड्रीवाल, एमएस गेट और 160 केवीए डीजल जनरेटर सेट शामिल हैं।

पर्यावरण-अनुकूल और आपात स्थितियों में आत्मनिर्भर भवन

ये सभी सुविधाएं इस प्रशासनिक भवन को पर्यावरण-अनुकूल, ऊर्जा-कुशल और आपात परिस्थितियों में पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाती हैं। बिजली या अन्य संसाधनों की बाधा के बावजूद भवन की कार्यक्षमता बनी रहेगी।

राम जन्मभूमि परिसर की हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर

कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के परियोजना प्रबंधक देवव्रत पवार ने बताया कि इस परियोजना का 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि बाउंड्रीवाल का कार्य प्रगति पर है। भवन जल्द ही लोकार्पण के लिए तैयार है। लोकार्पण के बाद इसे पूरी तरह से चालू कर दिया जाएगा। यह भवन पुलिस विभाग द्वारा संचालित होगा और राम जन्मभूमि परिसर के आसपास की हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।