Montana Mass Shooting: डिनर की मेज पर सन्नाटा, धू-धू कर जलता मकान और अंधाधुंध गोलियों की गूंज! एक ही झटके में मिट गईं परिवार की चार पीढ़ियां। जानिए अमेरिका के मोंटाना में उस खौफनाक रविवार की रात आखिर क्या हुआ?
Montana Family Shooting: अमेरिका के मोंटाना राज्य के बिलिंग्स शहर से रविवार शाम एक बेहद खौफनाक पारिवारिक हत्याकांड की खबर सामने आई। एक घर में डिनर के दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही परिवार के आठ सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान घर में भीषण आग भी लग गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
डिनर के बीच अचानक गूंजने लगीं गोलियों की आवाजें
पुलिस के अनुसार, अधिकारी रविवार शाम घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्हें घर के पिछले हिस्से से गोलियों की आवाजें सुनाई दीं। इसी दौरान पूरा मकान आग की लपटों से घिरा हुआ था। हालात बेहद खतरनाक होने के कारण पुलिस ने सावधानी के साथ इलाके को घेरा और घर के आसपास मौजूद लोगों को दूर रखा। अधिकारियों ने घर के भीतर कई लोगों को मृत पाया। पुलिस ने मृतकों में उस व्यक्ति को भी शामिल बताया जिसने कथित तौर पर खुद को गोली मारी थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना एक पारिवारिक जमावड़े के दौरान हुई।
चार पीढ़ियों का परिवार, 7 साल की बच्ची भी शिकार
परिवार की ओर से जानकारी देने के लिए अधिकृत प्रवक्ता जेनिफर मर्सर ने बताया कि इस भयावह घटना में एक ही मिश्रित परिवार की चार पीढ़ियां प्रभावित हुई हैं। पीड़ितों में 90 वर्ष से अधिक उम्र की एक परदादी से लेकर महज 7 साल की बच्ची तक शामिल थी। मर्सर ने पीड़ित परिवार के अंतिम संस्कार और अन्य खर्चों में मदद के लिए ऑनलाइन फंडरेज़र भी शुरू किया है। इस घटना ने परिवार और स्थानीय समुदाय को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पड़ोसी ने सुनीं ‘आतिशबाजी जैसी’ आवाजें
घटना के समय आसपास रहने वाले लोगों को शुरुआत में समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। घर से करीब तीन मकान दूर रहने वाले डेविड हिलर ने बताया कि रविवार शाम करीब 6 बजे के बाद उन्हें आतिशबाजी जैसी आवाजें सुनाई दीं। उन्होंने पहले इन आवाजों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन कुछ ही देर बाद एक पड़ोसी ने फोन कर गली में गोलीबारी होने की जानकारी दी। इसके बाद हिलर घर से बाहर निकले तो उनके सामने भयावह दृश्य था।

टैक्टिकल गियर में पुलिस, घर से उठता काला धुआं
हिलर के मुताबिक, घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंच चुके थे। कई अधिकारी टैक्टिकल गियर में थे और वाहनों की आड़ लेकर तैनात थे। कुछ पुलिसकर्मियों के हाथों में लंबी बंदूकें भी थीं। इस बीच घर से लगातार काले धुएं के गुबार उठ रहे थे। कुछ ही समय पहले जहां परिवार डिनर के लिए इकट्ठा हुआ होगा, वही घर देखते ही देखते एक बड़े आपराधिक घटनास्थल में बदल चुका था।
एक झटके में ख़त्म हो गईं चार पीढ़ियां
परिवार की अधिकृत प्रवक्ता और अंतिम संस्कार के लिए ऑनलाइन फ़ंडरेज़र शुरू करने वाली जेनिफर मर्सर ने 'द एसोसिएटेड प्रेस' को जो जानकारी दी, उसने सभी की रूह कंपा दी। डिनर टेबल पर बैठे एक व्यक्ति ने अचानक हथियार उठाया और अपने ही 8 रिश्तेदारों को गोलियों से भून डाला, जिनमें 4 मासूम बच्चे भी शामिल थे। अपनों का खून बहाने के बाद आरोपी ने खुद को भी गोली मार ली। जब तक आग पर काबू पाया जाता और पुलिस अंदर पहुँचती, तब तक परिवार का नामो-निशान मिट चुका था। एक ही पल में चार पीढ़ियों का अंत हो गया और पूरा शहर इस अनसुलझी त्रासदी के सदमे में डूब गया।


