योगी सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए कृषि विभाग की हेल्पलाइन शुरू की है। किसान 0522-2317003 पर कॉल कर योजनाओं, अनुदान, सोलर पंप, कृषि यंत्र, बीज, उर्वरक और डिजिटल कृषि सेवाओं की जानकारी घर बैठे प्राप्त कर सकेंगे।
लखनऊ। योगी सरकार ने किसानों की सुविधा के लिए एक अहम कदम उठाया है। अब किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी लेने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। सिर्फ एक फोन कॉल पर उन्हें सभी जरूरी जानकारियां मिल सकेंगी।
कृषि विभाग की हेल्पलाइन की शुरुआत
बुधवार को कृषि निदेशालय में कृषि विभाग की हेल्पलाइन सेवा की शुरुआत की गई। इस हेल्पलाइन के जरिए किसान घर बैठे कृषि विभाग की योजनाओं और सुविधाओं से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। यह सेवा किसानों की समस्याओं को सरल और त्वरित तरीके से हल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कृषि मंत्री ने किया हेल्पलाइन का शुभारंभ
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के साथ कृषि निदेशालय, लखनऊ में इस हेल्पलाइन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर सचिव कृषि इंद्रविक्रम सिंह, कृषि निदेशक पंकज त्रिपाठी, अपर निदेशक आशुतोष मिश्र और संयुक्त निदेशक ब्यूरो अखिलेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तय समय पर मिलेगी किसानों को जानकारी
उत्तर प्रदेश के किसान इस हेल्पलाइन नंबर 0522-2317003 पर सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कॉल कर सकते हैं। तय समय के भीतर किसान अपनी जरूरत से जुड़ी जानकारी सीधे विभाग से प्राप्त कर सकेंगे।
योजनाओं, अनुदान और डिजिटल सेवाओं की पूरी जानकारी
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि इस हेल्पलाइन का उद्देश्य किसानों को योजनाओं की जानकारी के लिए भटकने से बचाना है। किसान मोबाइल फोन से कॉल कर कृषि विभाग की सभी योजनाओं, अनुदान और सेवाओं की जानकारी ले सकेंगे। एक ही कॉल पर किसानों को डिजिटल कृषि सर्वेक्षण और फार्मर रजिस्ट्री से संबंधित जानकारी भी मिलेगी। इसके साथ ही सोलर पंप, कृषि यंत्रों पर अनुदान, बीज, उर्वरक और कीटनाशकों से जुड़ी जानकारियां भी उपलब्ध होंगी।
कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने में मिलेगी मदद
हेल्पलाइन के जरिए किसान कृषि निवेश से जुड़ी जानकारी, लाभकारी योजनाएं, आधुनिक कृषि यंत्र, कृषि शोध और प्रयोगों के बारे में भी जान सकेंगे। इससे किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने और अपनी आय में सुधार करने में मदद मिलेगी।


