T20 वर्ल्ड कप 2021 (T20 World Cup 2021) के 37वें मुकाबले में शुक्रवार को भारत ने सुपर-12 के अपने चौथे मैच में स्कॉटलैंड को 8 विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ टीम इंडिया ग्रुप-2 में अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। अब सभी भारतीय फैंस की नजरें अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच 7 नवंबर को होने वाले मैच पर टिकी होंगी। टीम इंडिया के कप्तान को बर्थडे के दिन जीत का तोहफा मिला है। बर्थडे के दिन विराट का साथ सिक्के ने भी दिया। उन्होंने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजी शानदार रही। रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन ने मिलकर स्कॉटलैंड को 85 रन पर समेट दिया। भारत की ओर से रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह को दो और रविचंद्रन अश्विन को 1 विकेट मिला। भारत को अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के नेट रन रेट से ऊपर जाने के लिए 43 गेंदों पर मैच जीतने की जरूरत थी, लेकिन रोहित और राहुल की ओपनिंग जोड़ी ने पहले 4.6 ओवर में 70 रन जोड़े। इसके बाद विराट सूर्यकुमार ने सिर्फ 6.3 ओवर (39 गेंद) में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। यानी भारत ने 81 गेंद रहते मुकाबला जीत लिया।