Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक 17 मेडल जीत लिए हैं। जानिए भारत के गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल विजेताओं की पूरी लिस्ट और 31 जुलाई तक का ताजा मेडल टैली।

India Medal Tally: ग्लासगो में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। गुरुवार देर रात भारत के नाम दो और मेडल आए। वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने सिल्वर मेडल जीता, जबकि महिलाओं की डिस्कस थ्रो प्रतियोगिता में सीमा ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इन दोनों मेडल के साथ भारत के कुल 17 मेडल हो गए हैं। इनमें 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं। फिलहाल भारत मेटल टेबल में 10वें नंबर पर है।

भारत के खाते में पहुंचे 17 मेडल

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक 17 मेडल जीते हैं। इनमें 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत को ये सफलता वेटलिफ्टिंग, एथलेटिक्स, पैरा एथलेटिक्स और पैरा पावरलिफ्टिंग जैसे खेलों में मिली है।

झंडू कुमार ने दिलाया पहला मेडल

  • भारत का पहला मेडल पैरा पावरलिफ्टिंग से आया। झंडू कुमार ने पुरुषों के हेवीवेट वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल जीता।
  • इसके बाद वेटलिफ्टर ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों की 60 किलोग्राम एसएच1 कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर भारत की झोली में दूसरा मेडल डाला।

मीराबाई चानू ने दिलाया पहला गोल्ड

  • भारत की स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म दिखाई। उन्होंने महिलाओं की 48 किलोग्राम स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया।
  • इसके अलावा मुथु पांडी राजा ने पुरुषों की 65 किलोग्राम प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीता। वहीं, ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सिल्वर, जबकि विंध्य रानी देवी ने 58 किलोग्राम वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

और पढे़ं- पति बने कोच, मां बनने के बाद की वापसी और अब कॉमनवेल्थ मेडल: जानिए सीमा कालीरमन की कहानी

पैरा एथलेटिक्स में भी भारत का दम

पैरा एथलेटिक्स में शर्मिला धनगर ने इतिहास रच दिया। उन्होंने शॉटपुट F57 प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर कॉमनवेल्थ गेम्स में पैरा एथलेटिक्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में शिल्पा केशल ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर भारत को एक ही इवेंट में दो मेडल दिलाए।

एथलेटिक्स और वेटलिफ्टिंग में भी शानदार प्रदर्शन

  • एथलेटिक्स में सर्वेश कुमार ने हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता।
  • वेटलिफ्टर वैलरी अजय बाबू ने 79 किलोग्राम वर्ग में कुल 330 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
  • इसके अलावा हरजिंदर कौर ने महिलाओं की 69 किलोग्राम स्पर्धा में सिल्वर, कुलबीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर, जबकि मुरली श्रीशंकर ने लॉन्ग जंप में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया।

दिलीप गवित ने दिलाया तीसरा गोल्ड

हाल ही में पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की 100 मीटर T47 प्रतियोगिता में दिलीप गवित ने शानदार दौड़ लगाकर गोल्ड मेडल जीता। इसी स्पर्धा में भारत के मोहम्मद बेसिल ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।

लवप्रीत सिर्फ 1 किलो से गोल्ड से चूके

पुरुषों की 110 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में लवप्रीत सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 388 किलोग्राम वजन उठाया। इसमें स्नैच में 176 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 212 किलोग्राम वजन शामिल था।

मां बनने के बाद सीमा ने जीता ब्रॉन्ज

महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में 27 वर्षीय सीमा ने 58.65 मीटर का थ्रो कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने तीसरे प्रयास में 58.65 मीटर का बेहतरीन थ्रो किया। इसके बाद उनके चौथे, पांचवें और छठे प्रयास फाउल रहे।

इन मेडलों के साथ 31 जुलाई तक भारत के कुल मेडलों की संख्या 17 हो गई है, जिसमें 3 गोल्ड, 10 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 को लेकर सर्च किए जाने वाले सवाल

1. कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने अब तक कितने मेडल जीते हैं?

31 जुलाई तक भारत ने कुल 17 मेडल जीते हैं, जिनमें 3 गोल्ड, 8 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज शामिल हैं।

2. भारत को पहला गोल्ड मेडल किसने दिलाया?

स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने महिलाओं की 48 किलोग्राम प्रतियोगिता में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया।

3. भारत का तीसरा गोल्ड मेडल किस खिलाड़ी ने जीता?

दिलीप गवित ने पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की 100 मीटर T47 प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता।