सीएम मोहन यादव ने ग्वालियर में वेलनेस सेंटर और डबरा में पशु चिकित्सालय खोलने की घोषणा की। पशुपालकों को अब बेहतर इलाज, गौ-एंबुलेंस और डेयरी योजनाओं का लाभ मिलेगा। सरकार किसान और पशुपालकों की आय बढ़ाने पर फोकस कर रही है।

भोपाल/ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर और डबरा के पशुपालकों के लिए बड़ी सौगातों का ऐलान किया। अब पशुओं, खासकर गायों को इलाज के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। ग्वालियर में वेलनेस सेंटर और डबरा में नया पशु चिकित्सालय खोला जाएगा। इसके साथ ही वेलनेस सेंटर में पशु आहार निर्माण की सुविधा भी होगी। यह घोषणा 4 मई को ग्वालियर में आयोजित राज्य स्तरीय दुग्ध उत्पादक एवं पशुपालक सम्मेलन में की गई, जहां सीएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

बंगाल चुनाव पर CM मोहन यादव का बयान: 'गौ-माता के आशीर्वाद से मिली जीत'

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को वहां जीत गौ-पालकों और गौ-माता के आशीर्वाद से मिली है। उन्होंने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि घुसपैठियों को बढ़ावा देकर अराजकता फैलाने की कोशिश की गई, लेकिन जनता ने इसका जवाब दे दिया।

ग्वालियर की पहचान और गौ-सेवा का महत्व

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर का इतिहास गौरवशाली रहा है और यहां वीरता, सेवा और समर्पण की परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गौ-सेवा को सबसे बड़ा धर्म माना गया है। उन्होंने भगवान शिव के वाहन नंदी और भगवान कृष्ण के गोपाल रूप का उल्लेख करते हुए कहा कि गौ-सेवा का विशेष महत्व है।

'देश तेजी से आगे बढ़ रहा है'- CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी शासित राज्यों की संख्या लगातार बढ़ रही है और जनता का विश्वास एनडीए पर बना हुआ है।

घुसपैठ और राजनीति पर तीखा हमला

सीएम ने कहा कि घुसपैठियों का भारत में आना और वोट देना चिंता का विषय है। उन्होंने कांग्रेस और अन्य दलों पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के लिए गलत तरीके अपनाए गए। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से समझौता स्वीकार नहीं है और जनता ने इसका जवाब चुनाव में दे दिया है।

'यह वर्ष किसान कल्याण का वर्ष'- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह साल किसान कल्याण को समर्पित है। उन्होंने भगवान कृष्ण के उदाहरण से दूध और गौ-पालन की ताकत को समझाया। उन्होंने कहा कि किसान, महिला, युवा और गरीब- इन चार वर्गों का विकास ही प्रदेश और देश के विकास की कुंजी है।

लाड़ली बहना योजना और महिलाओं को लाभ

सीएम ने बताया कि सरकार ने लाड़ली बहना योजना के तहत बड़ी राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि अब तक 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है और हर महिला को औसतन 40 हजार रुपये मिल चुके हैं।

किसानों के लिए योजनाएं और आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा राज्य सरकार भी किसानों के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि गेहूं उत्पादन में बढ़ोतरी हुई है और अब किसानों को बेहतर दाम मिल रहा है। पहले जहां सुविधाओं की कमी थी, अब बिजली, सड़क और पानी की स्थिति में सुधार हुआ है।

डेयरी सेक्टर को बढ़ावा और 10 लाख की सहायता योजना

सीएम ने कहा कि पशुपालन से किसानों की आय बढ़ रही है। यदि कोई किसान 25 गाय पालने की योजना लाता है, तो सरकार उसे 10 लाख रुपये तक की सहायता देगी। उन्होंने कहा कि सरकार दूध खरीदने के साथ उचित मूल्य भी सुनिश्चित करेगी।

गौ-एंबुलेंस और गौशाला सहायता बढ़ाई

मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुओं के इलाज के लिए गौ-एंबुलेंस की सुविधा भी दी गई है। अब कोई भी पशुपालक फोन करके एंबुलेंस बुला सकता है। उन्होंने बताया कि गौशालाओं को दी जाने वाली सहायता 20 रुपये से बढ़ाकर 40 रुपये प्रति गाय कर दी गई है।

दूध उत्पादन में बढ़ोतरी और लक्ष्य

पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने बताया कि प्रदेश में दूध संग्रह 9 लाख लीटर से बढ़कर 12.5 लाख लीटर हो गया है। लक्ष्य है कि इसे 50 लाख लीटर तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय में हजारों करोड़ रुपये की वृद्धि होगी।

सीएम मोहन यादव की प्रमुख घोषणाएं

  • ग्वालियर में पशु वेलनेस सेंटर और पशु आहार निर्माण इकाई
  • हेमसिंह परेड अस्पताल का उन्नयन
  • डबरा में नया पशु चिकित्सालय