Looteri Dulhan : राजस्थान के जोधपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां एक युवक की एक बार भी मुश्किल से शादी नहीं हो रही थी, उसकी बिहारियों ने बिहार ले जाकर 4 बार विवाह करवा दिया। लेकिन चारों दुल्हनों उसे धोखा दे दिया।

Rajasthan Jodhpur News : राजस्थान के जोधपुर में रहने वाले एक युवक के लिए विवाह का सपना डरावने धोखे में बदल गया। लूणी क्षेत्र निवासी 29 वर्षीय विजेंद्र भारती को पड़ोस में रहने वाले परिचितों ने शादी का झांसा देकर बिहार ले गए, जहां चार बार उसकी शादी करवाई गई, लेकिन हर बार दुल्हन अलग तरीके से धोखा देकर भाग निकली।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सासाराम से बक्सर और दिनार तक बना दिया ससुराल

पीड़ित विजेंद्र के अनुसार, उसकी शादी को लेकर लंबे समय से प्रयास चल रहे थे। लेकिन कहीं बात नहीं बन पा रही थी। इसी बीच उसका संपर्क पड़ोस में रहने वाले पप्पू भारती, अमर भारती, भंवरी देवी और राकेश भारती से हुआ। चारों ने मिलकर उसे भरोसा दिलाया कि वे एक अच्छी लड़की से उसका विवाह करवाएंगे। 26 अप्रैल 2024 को विजेंद्र उनके साथ बिहार के सासाराम, बक्सर और दिनार तक गया। वहां उसे चार-पांच लड़कियां दिखाई गईं और बारी-बारी से चार विवाह कराए गए।

चार दुल्हनों में से एक ने भी नहीं मनाई सुहागरात

पहली दुल्हन बस से उतरते ही भाग गई, दूसरी ट्रेन में सफर के दौरान गायब हो गई। तीसरी लड़की ने विवाह के बाद साथ चलने से इनकार कर दिया, जबकि चौथी मंडप से ही फरार हो गई। इन सभी घटनाओं के बीच विजेंद्र की ₹3,85,000 की जमा पूंजी भी खर्च हो गई। लेकिन एक भी दुल्हन ने उसके साथ एक रात तक नहीं बिताई। अब उसे ऐसा सदमा लगा है कि उसका कहना है कि अब तो अच्छा होगा कि मैं पूरे जीवन कुंवारा ही रहूं।

शादी करने गया था और रोते हुए लौटा जोधपुर

जब विजेंद्र ने धोखा महसूस कर रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने उल्टा जेल में बंद कराने की धमकी दी। बिना पैसे और मदद के वह जैसे-तैसे बिहार से जोधपुर लौटा है। बाद में उसने बातचीत के जरिए ₹2,90,000 की राशि वापस दिलाने की कोशिश की, लेकिन वादा सिर्फ कागजों तक ही सीमित रहा। अब थक-हारकर विजेंद्र ने न्यायालय में चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। लूणी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित ने निष्पक्ष जांच और अपनी राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

भावनाओं के साथ दर्दनाक खिलवाड़

यह मामला ना केवल शादी के नाम पर होने वाले संगठित ठगी रैकेट की ओर इशारा करता है, बल्कि ग्रामीण युवाओं की भावनाओं से खिलवाड़ का दर्दनाक उदाहरण भी है। राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से ऐसे लुटेरी दुल्हनों के मामले आए दिन सामने आते हैं, इसके बाद भी लोग इनके चंगुल में फंस जाते हैं। बाद में पछताना ही हाथ रह जाता है। इसिलए सोशल मीडिया और बाहरी लोगों से सावधान रहें।