UP Crop Damage Rain Hailstorm: उत्तर प्रदेश में असमय बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तुरंत सर्वे कर किसानों को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने राहत राशि, फसल बीमा और प्रभावित परिवारों की मदद के लिए विशेष कदम उठाए हैं।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हुई असमय बारिश, ओलावृष्टि और कुछ जगहों पर आग लगने की घटनाओं से रबी की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। इस स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी ने अधिकारियों को तुरंत राहत पहुंचाने और नुकसान का सही आकलन करने के निर्देश दिए हैं। बुधवार सुबह हुई एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी परिस्थिति में किसानों की चिंता स्वाभाविक है और सरकार हर हाल में अन्नदाताओं के साथ खड़ी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

हर प्रभावित किसान का होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन किसानों की फसल को नुकसान हुआ है, उनका सटीक और निष्पक्ष सर्वे कराया जाए। इसके लिए राजस्व विभाग, कृषि विभाग और अन्य संबंधित विभाग मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर जल्द सर्वे कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाए, ताकि राहत राशि देने में कोई देरी न हो।

यह भी पढ़ें: लेबनान में इजराइल का बड़ा हमला: 10 मिनट में 100 से ज्यादा ठिकानों पर एयरस्ट्राइक, युद्ध और भड़का

फसल बीमा दावों का जल्दी निपटारा

मुख्यमंत्री ने बीमा कंपनियों के साथ समन्वय बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी खुद किसानों से संपर्क करें और उन्हें फसल बीमा योजना का पूरा लाभ दिलाएं, ताकि नुकसान की भरपाई जल्द हो सके। सरकार का लक्ष्य है कि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द आर्थिक मदद मिल सके।

जिलों को तुरंत मिलेगी राहत राशि

मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग को निर्देश दिया कि राज्य आपदा राहत कोष से जिलों को तुरंत पर्याप्त धनराशि दी जाए। साथ ही जिलाधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसानों को पारदर्शी और तेज प्रक्रिया से राहत दी जाए। जहां जरूरत होगी वहां राहत शिविर लगाए जाएंगे और मंडी समितियों के जरिए भी किसानों की मदद की जाएगी।

आग की घटनाओं में 24 घंटे के भीतर सहायता

मुख्यमंत्री ने आगजनी की घटनाओं को लेकर भी खास निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगर किसी घटना में जनहानि या पशुहानि होती है, तो प्रभावित परिवार को 24 घंटे के भीतर राहत राशि दी जाए। साथ ही पात्र किसानों को कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी तुरंत दिया जाए।

जिनके घर जले, उन्हें मिलेगा आवास

सरकार ने यह भी फैसला किया है कि जिन परिवारों के घर आग में नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि राहत और पुनर्वास के काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी।

किसानों के साथ खड़ी है सरकार

बैठक के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कठिन समय है, लेकिन प्रदेश सरकार हर किसान और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता है कि हर प्रभावित किसान को जल्द से जल्द मदद मिले और उसे इस नुकसान से उबरने में सहयोग दिया जाए।

यह भी पढ़ें: चित्रकूट में बनेगी रक्षा फैक्ट्री, ₹562 करोड़ निवेश से खुलेंगे नौकरी के बड़े मौके