UP Flood News Today : उत्तर प्रदेश में बाढ़ से हालात बिगाड़ दिए हैं। गंगा-यमुना सब उफान पर हैं। जिसके चलते प्रयागराज से लेकर वृंदावन तक पानी ही पानी नजर आ रहा है। ताजमहल से लेकर बांके बिहारी मंदिर तक पानी पहुंच गया है।
Uttar Pradesh News : दिल्ली और पंजाब के बाद अब उत्तर प्रदेश में बाढ़ से हालात बिगड़ने लगे हैं। गंगा, यमुना समेत प्रदेश के सभी नदियां उफान पर हैं। सबसे बुरे हालात वृंदावन के हैं। जहां एक तरफ जहां राधा वल्लभ मंदिर में पानी भर गया है तो बांके बिहारी मंदिर से महज 100 मीटर दूर रह गया है। लोगों के घरों में पानी भर गया है। सड़कें पूरी तरह से जलमग्न हो चुकी हैं। वहीं वृंदावन की बाढ़ देख संत प्रेमानंद महाराज दुखी हो गए।
आगरा से लेकर प्रयागराज तक बाढ़ ने बिगाड़े हालात
- बिजनौर गंगा बैराज स्थित रावली तटबंध गंगा कटान से क्षतिग्रस्त हो गया। दिल्ली-पौड़ी हाईवे पर यातायात रोक दिया गया है। वहीं सिंचाई विभाग और प्रशासन के अधिकारी कटाव को रोकने में जुटे हुए हैं।
- हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ने के बाद मथुरा के वृंदावन में हालात बिगड़ गए हैं। आधे से ज्यादा इलाका बाढ़ की चपेट में आ गया है। करीब करीब सभी मंदिरों की बाउंड्री को पानी ने छू लिया है।
- आलम यह है कि आगरा के ताजमहल की बाउंड्रीवाल तक यमुना का पानी पहुंच गया है। हालात को देख टूरिस्टों को फिलहाल रोक दिया गया है।
- प्रयागराज के घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। निचले इलाके में बने 1 हजार से ज्यादा घर बाढ़ के पानी में डूब गए। बाढ़ की तबाही में एक पति पत्नी की मौत हो गई।
प्रेमानंद महाराज बाढ़ के हालात देख हुए दुखी
बता दें कि वृंदावन में बाढ़ से हाहाकार मचा हुआ है। बिगड़ते हालात को देखने के लिए प्रेमानंद महाराज अपने शिष्यों के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने पहुंचे। बाढ़ के हालात देखकर वह व्यथित हो गए। प्रेमानंद जी एकदम शांत होकर यमुना को निहारते रहे। बता दें कि वृंदावन का परिक्रमा मार्ग पूरी तरह डूब चुका है। बांके बिहारी मंदिर से यमुना की दूरी 600 मीटर है, लेकिन अब महज 100 मीटर रह गई।
1600 पुलिसवालों की भर्ती से ₹4 लाख तक, पंजाब बाढ़ के लिए CM भगवंत मान ने किए 10 बड़े फैसले
साल 2025 में कितनी हुई बारिश
यूपी में पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 2.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। इस साल के मानसून सीजन में अब तक 647.5 मिमी बारिश हुई है। यह औसत अनुमान 647.3 मिमी से बराबर है। करीब करीब उत्तर प्रदेश में बारिश का कोटा पूरा हो चुका है।
यूपी में आज इन 22 जिलों में बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के जिन 22 जिलों में आज मंगलवार को बारिश का अलर्ट है उसमें बलरामपुर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, सोनभद्र, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर आदि जिले शामिल हैं।
