योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने बंगाल की अस्मिता, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और विकास को लेकर टीएमसी सरकार पर सवाल उठाए और मतदाताओं से बदलाव की अपील की।

कोलकाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में 4 मई को भगवा लहराएगा। उन्होंने इशारों में ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 'बुआ-भतीजा' बंगाल की पहचान को खत्म करना चाहते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

उन्होंने कहा कि कोलकाता के मेयर द्वारा ऊर्दू को लेकर दिए गए बयान पर भी सवाल उठते हैं। योगी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति बंगाल की अस्मिता से खिलवाड़ नहीं कर सकता। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि जो लोग बंगाली पहचान को कमजोर कर रहे हैं, उन्हें जवाब देना होगा।

4 मई को ‘भगवा लहराने’ का दावा और चुनावी रणनीति

सीएम योगी ने कहा कि 23 अप्रैल को पहले चरण का चुनाव है और लोगों में बदलाव की भावना साफ दिखाई दे रही है। उनका दावा है कि पहले चरण में भाजपा 80% सीटें जीत सकती है। उन्होंने कहा कि 4 मई को जब परिणाम आएंगे, तब बंगाल में भगवा ध्वज लहराएगा और राज्य फिर से 'सोनार बांग्ला' बनेगा।

योगी ने बड़ा बाजार क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि यह व्यापार, संस्कृति, साहित्य और धार्मिक परंपराओं का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि बंगाल की अस्मिता को बचाने के लिए कठमुल्लापन को बढ़ावा देने वालों को रोकना जरूरी है।

रवींद्रनाथ टैगोर की विरासत और TMC पर आरोप

योगी आदित्यनाथ ने बंगाल के महान व्यक्तित्वों का जिक्र करते हुए कहा कि इस भूमि ने देश को कई महापुरुष दिए हैं। उन्होंने रवींद्रनाथ टैगोर का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी 'गीतांजलि' को नोबेल पुरस्कार मिला था। उन्होंने आरोप लगाया कि टैगोर के हैरिटेज परिसर में जहां उनकी और भारत माता की तस्वीर होनी चाहिए थी, वहां टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ममता बनर्जी की तस्वीर लगा दी, जो बंगाल की संस्कृति और भारतीयता का अपमान है।

बेरोजगारी और उद्योग बंद होने का मुद्दा

योगी ने कहा कि बंगाल प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध है और यहां के लोग मेहनती हैं, लेकिन फिर भी राज्य बेरोजगारी से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले कांग्रेस, फिर वामपंथी सरकार और अब टीएमसी ने राज्य को नुकसान पहुंचाया। पिछले 10 वर्षों में हजारों उद्योग और MSME यूनिट बंद हुए हैं, जिससे लाखों युवा बेरोजगार हुए हैं।

यूपी मॉडल vs बंगाल की स्थिति: कानून व्यवस्था पर तुलना

योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश और बंगाल की तुलना करते हुए कहा कि पहले यूपी में भी दंगे, कर्फ्यू और अराजकता थी, लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि आज यूपी में रामनवमी, कांवड़ यात्रा, दुर्गा पूजा जैसे त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जाते हैं। उन्होंने “नो कर्फ्यू, नो दंगा-यूपी में सब चंगा” का नारा दोहराया और कहा कि माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

विरासत संरक्षण और विकास मॉडल पर बयान

योगी ने कहा कि यूपी में अयोध्या, काशी, मथुरा और प्रयागराज को विकसित किया गया है और वहां विरासत का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में रवींद्रनाथ टैगोर की पैतृक भूमि पर कब्जे हो रहे हैं, जबकि यूपी में माफिया की संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के लिए घर बनाए जा रहे हैं।

भाजपा उम्मीदवारों के लिए समर्थन की अपील

जनसभा के अंत में योगी आदित्यनाथ ने जोरासांको, मानिकतला, चौरंगी, श्यामपुकुर, बेलेघाटा और एंटाली सीटों से भाजपा उम्मीदवारों को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक अधिकार का सही उपयोग करने को कहा।