अमेरिका के न्यूजर्सी में 19 साल के भारतीय मूल के युवक ने पंजाब से आई महिला की हत्या कर दी। उसने महिला के चेहरे पर सात गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। उसकी चचेरी बहन गंभीर रूप से घायल है। 

न्यूजर्सी। अमेरिका के न्यूजर्सी के मिडलसेक्स काउंटी में हुई गोलीबारी में एक भारतीय मूल की महिला की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने संदिग्ध की पहचान 19 साल के गौरव गिल के रूप में की है। वह भारतीय मूल का है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। गौरव हाल ही में अमेरिका आया था और वाशिंगटन राज्य के केंट सिटी में रह रहा था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार गोलीबारी बुधवार सुबह न्यू जर्सी के कार्टरेट में एक घर के बाहर हुई। अपराधी को पुलिस ने कई घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गौरव गिल ने गगनदीप कौर नाम की महिला पर भी गोली चलाई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। गौरव गगनदीप कौर पहले से एक-दूसरे को जानते थे। वे पंजाब के नकोदर में एक साथ आईईएलटीएस कोचिंग सेंटर में गए थे।

चचेरी बहन गई थी महिला, आरोपी ने चेहरे पर मारी गोली

मृतक महिला की पहचान जसवीर कौर के रूप में हुई है। वह गगनदीप की चचेरी बहन थी। हादसे के समय वह उनके घर पर थीं। जसवीर पंजाब के नूरमहल के नजदीक गोरसियां ​​की रहने वाली थी। वह न्यूजर्सी के कार्टरेट में स्थित अमेजन फैक्ट्री में काम करती थी।

जसवीर के पिता केवल सिंह ने बताया "घटना के समय जसवीर सो रही थी। गगनदीप का घर के बाहर आरोपी से झगड़ा हुआ। उसने जसवीर को मदद के लिए बुलाया। जब जसवीर ने बीच-बचाव किया तो आरोपी ने उसके चेहरे पर सात गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई।"

पुलिस ने पीछाकर किया गिरफ्तार 
केवल सिंह ने कहा कि उनकी बेटी और दामाद ने गगनदीप का बहुत साथ दिया था। गगनदीप और गौरव हाल ही में और लगभग एक ही समय अमेरिका पहुंचे थे। गगनदीप की मां ने कहा कि वह गौरव को नहीं जानती हैं। उन्हें नहीं पता कि उनके बीच कोई विवाद था या नहीं।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना के रिटायर ब्रिगेडियर अमीर हमजा की गोली मारकर हत्या, पत्नी-बेटी घायल

गोलीबारी के बाद आरोपी गौरव मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने घटनास्थल से करीब आधा मील दूर उसे एक घर के पिछवाड़े में घेरा। पुलिस ने गौरव के खिलाफ प्रथम श्रेणी की हत्या, हत्या का प्रयास और हथियार संबंधी कई अपराध के लिए केस दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें- ब्रिटिश व्यक्ति ने एप्पल पर ठोका 44 करोड़ का मुकदमा, वजह जानकर ठनक जाएगा आपका दिमाग, जानें पूरी बात