Aishwarya Rai Stunt Double Raavan Story: दर्शकों को बड़े पर्दे पर फिल्मों के स्टंट कुछ सेकंड के रोमांचक सीन लगते हैं, लेकिन इसके पीछे एक स्टंट आर्टिस्ट की हिम्मत और प्रोफेशनल ट्रेनिंग छिपी होती है। अब एक ऐसे ही सीन के पीछे की कहानी सनोबर पारदीवाला ने बताई है।

ऐश्वर्या राय बच्चन की साल 2010 में रिलीज हुई फिल्म 'रावण (Raavan)' आज भी अपने दमदार विजुअल्स और खतरनाक एक्शन सीक्वेंस के लिए याद की जाती है। फिल्म के क्लाइमैक्स में एक ऐसा स्टंट दिखाया गया था, जिसे देखकर दर्शकों की सांसें थम गई थीं। हालांकि, अब इस सीन से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। फिल्म में ऐश्वर्या राय के लिए यह स्टंट करने वाली उनकी स्टंट डबल सनोबर पारदीवाला (Sanober Pardiwalla) ने बताया कि शूटिंग के दौरान एक तकनीकी गड़बड़ी की वजह से उनकी जान खतरे में पड़ गई थी और वह करीब 30 मिनट तक 150 फीट ऊंची चट्टान के बीच हवा में लटकी रहीं।

150 फीट की छलांग सीन में कैसे हुई गड़बड़ी

सनोबर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 'रावण' की शूटिंग का बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो शेयर करते हुए उस खौफनाक पल को याद किया। उन्होंने बताया कि यह स्टंट करीब 150 फीट ऊंची चट्टान से 3.5 सेकंड की छलांग का था, लेकिन शूटिंग के दौरान अचानक ऐसी तकनीकी समस्या आ गई, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। उन्होंने लिखा कि इस अचानक हुई गड़बड़ी के कारण वह चट्टान के बीचों-बीच करीब 30 मिनट तक सस्पेंड रहीं। यह उनके करियर के सबसे चुनौतीपूर्ण स्टंट्स में से एक था।

और पढ़ें -  'तू क्या हीरो बनेगा'- गांववाले उड़ाते थे गोविंदा का मजाक, जानें दिलचस्प किस्सा

ऐश्वर्या राय की बॉडी डबल ने बताया स्टंट एक्सपीरियंस

सनोबर ने कहा कि स्टंट करना केवल एक्शन सीन पूरा करने तक सीमित नहीं होता, बल्कि असली परीक्षा तब होती है जब शूटिंग के दौरान अचानक कोई अनहोनी हो जाए। उनके मुताबिक, ऐसे समय में घबराने के बजाय खुद को शांत रखना सबसे जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि स्टंट कलाकारों को हमेशा सेफ्टी पर भरोसा रखना चाहिए, अपनी सांसों को कंट्रोल करना चाहिए और ऊर्जा बचाकर रखनी चाहिए, क्योंकि मुश्किल वक्त में यही चीजें सबसे ज्यादा काम आती हैं। देखें वीडियो -

View post on Instagram

और पढ़ें - Ashnoor Kaur Weight Loss: अशनूर कौर ने इतनी जल्दी कैसे घटाया वजन? जानें डाइट, वर्कआउट और फिटनेस सीक्रेट

रावण के स्टंट को मिला था इंटरनेशनल सम्मान

सनोबर ने बताया कि इस खतरनाक स्टंट की काफी सराहना हुई थी। इतना ही नहीं, इस एक्शन सीक्वेंस को बाद में प्रतिष्ठित Taurus World Stunt Awards में भी नामांकन मिला था। उनके मुताबिक, यह उनके करियर का ऐसा अनुभव है जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगी।

'रावण' में नजर आए थे कई बड़े सितारे

मणिरत्नम के निर्देशन में बनी 'रावण' में ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ अभिषेक बच्चन, विक्रम, प्रियामणि और रवि किशन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए थे। फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया था। यह फिल्म हिंदी और तमिल, दोनों भाषाओं में रिलीज हुई थी। हालांकि रिलीज के समय फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन इसके विजुअल्स और स्टंट सीक्वेंस की काफी तारीफ हुई थी।