Bhaang Chutney Recipe: उत्तराखंड की फेमस भांग की चटनी घर पर बनाना है आसान। जानें भांग के बीज, हरी मिर्च, धनिया और नींबू से पहाड़ी चटनी बनाने की आसान रेसिपी और स्वाद बढ़ाने के टिप्स।
उत्तराखंड का पहाड़ी खाना हर किसी के दिल में खास जगह रखता है। जब पहाड़ों के स्वाद की बात हो और भांग की चटनी का नाम न लिया जाए ये तो हो नहीं सकता है। पहाड़ों में बनने वाली यह चटनी अपने चटपटे स्वाद, खट्टे-हल्के तीखे स्वाद के लिए प्रसिद्ध है। इसे मंडुवे की रोटी, पराठे, दाल और आलू के गुटके संग परोसा जाता है। खास बात है कि इसे तैयार करने में ज्यादा समय और सामग्री का आवश्यकता नहीं होती है। आइए जानते हैं कि कैसे आप पहाड़ों की यह चटनी अपने घर पर तैयार कर सकते हैं।
भांग की चटनी बनाने के लिए सामग्री
- 2 बड़े चम्मच भांग के बीज
- 3-4 चार हरी मिर्च
- आधा कप हरा धनिया
- आधा छोटा चम्मच जीरा
- 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के हिसाब से पानी
भांग की चटनी बनाने की आसान विधि
1) सबसे पहले एक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें। इसमें भांग के खाद्य बीज डालकर 2-3 मिनट तक हल्का भूनें। बीजों को लगातार चलाते रहें, ताकि वे जलें नहीं। जब इनमें से हल्की खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें और इन्हें ठंडा होने दें।
2) अब हरी मिर्च, हरा धनिया और लहसुन को धोकर साफ कर लें। अगर आपको ज्यादा तीखी चटनी पसंद नहीं है, तो हरी मिर्च की मात्रा कम रख सकती हैं। चाहें तो लहसुन को छोड़ भी सकती हैं।
3) ठंडे हो चुके भांग के बीजों को मिक्सर या सिलबट्टे पर डालें। इनमें जीरा और नमक मिलाकर दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि बीजों को अच्छी तरह पीसना जरूरी है, ताकि चटनी में उनका स्वाद उभरकर आए।
4) अब पिसे हुए बीजों में हरी मिर्च, हरा धनिया और लहसुन डालें। थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाते हुए सभी चीजों को पीस लें। चटनी को बहुत पतला न करें, क्योंकि गाढ़ी चटनी रोटी और पराठे के साथ अच्छी लगती है।
5) आखिर में नींबू का रस डालकर अच्छी तरह मिला लें। चटनी को चखें और जरूरत के अनुसार नमक या नींबू का रस बढ़ा दें। बस, तैयार है उत्तराखंड के पहाड़ी स्वाद वाली भांग की चटनी।
चटनी का स्वाद बढ़ाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
- भांग के बीजों को धीमी आंच पर ही भूनें, वरना उनका स्वाद कड़वा हो सकता है।
- चटनी को सिलबट्टे पर पीसने से पारंपरिक स्वाद मिलता है। मिक्सर में भी इसे आसानी से बनाया जा सकता है।
- नींबू का रस एक साथ ज्यादा न डालें। पहले थोड़ा मिलाएं और फिर स्वाद के अनुसार बढ़ाएं।
- चटनी में पानी धीरे-धीरे डालें, ताकि इसकी गाढ़ी बनावट बनी रहे।
भांग की चटनी से जुड़े पूछे जाने वाले सवाल
उत्तराखंड की भांग की चटनी कैसे बनाई जाती है?
भांग के खाने योग्य बीजों को भूनकर हरी मिर्च, जीरा, नमक, हरा धनिया और नींबू के रस के साथ पीसकर भांग की चटनी बनाई जाती है।
भांग की चटनी को कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं?
ताजी चटनी खाना बेहतर है। बची हुई चटनी को साफ, एयरटाइट डिब्बे में फ्रिज में रखें और 1–2 दिन के भीतर इस्तेमाल करें।
क्या भांग की चटनी से नशा होता है?
आमतौर पर खाने योग्य भांग के बीजों से बनी चटनी खाने पर नशा नहीं होता। भांग के बीजों में नशीला तत्व THC प्राकृतिक रूप से बहुत कम या नगण्य मात्रा में होता है। चटनी बनाने के लिए केवल खाद्य उपयोग वाले, विश्वसनीय स्रोत से प्राप्त भांग के बीज इस्तेमाल करें।


