US-Iran War Updates: ड्रोन ब्लास्ट में अमेरिकी सैनिक की मौत के बाद यूएस भड़क गया है। ट्रंप के आदेश पर चाबहार और तबरेज में ताबड़तोड़ हमले की खबर है। जानिए ताजा अपडेट्स...
US Airstrikes on Iran: मिडिल ईस्ट में चल रहा तनाव अब एक बहुत ही खतरनाक मोड़ पर आ गया है। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने रविवार को ऐलान किया है कि ईरान पर हवाई हमलों की एक नई और बहुत बड़ी लहर शुरू कर दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिका ने ईरान पर बहुत जोरदार हमला किया है। यह पूरी कार्रवाई उत्तरी इराक में एक अमेरिकी सैनिक की मौत के बाद हुई है। आइए जानते हैं ताजा हालात कैसे हैं...
अमेरिका क्यों भड़का?
पूरी घटना की शुरुआत उत्तरी इराक से हुई। CENTCOM के मुताबिक, 18 जुलाई को अमेरिकी सैनिक एक ईरानी ड्रोन के मलबे को डिफ्यूज (Controlled Detonation) कर रहे थे। यह ईरान का एक आत्मघाती ड्रोन था जिसे पहले मार गिराया गया था। इसी मलबे को हटाते वक्त एक बड़ा ब्लास्ट हुआ, जिसमें एक अमेरिकी सैनिक की जान चली गई और एक अन्य मामूली रूप से घायल हो गया। इस घटना के साथ ही पिछले 5 महीनों से चल रही इस जंग में जान गंवाने वाले अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। अपने सैनिक की मौत से बौखलाए अमेरिका ने तुरंत ईरान के खिलाफ बड़े एक्शन का प्लान बना लिया।
ईरान में चारों तरफ धमाके, एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव
जैसे ही अमेरिका ने अपने ऑपरेशन की शुरुआत की, ईरान के कई कोनों से तेज धमाकों की आवाजें आने लगीं। ईरान की न्यूज एजेंसी 'मेहर' के मुताबिक, भारत के लिए रणनीतिक रूप से बेहद जरूरी चाबहार बंदरगाह के पास कई धमाके सुने गए। इसके पास ही मौजूद कोनारक शहर में ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिव करना पड़ा। ईरान के सरकारी चैनल 'प्रेस टीवी' ने दावा किया है कि अमेरिकी विमानों ने ईरान के उत्तर-पश्चिमी शहर तबरेज को भी निशाना बनाया है। हालांकि अमेरिका ने अभी तक उन जगहों के नामों को साफ नहीं किया है जहाँ उन्होंने बमबारी की है।
समुद्र में भी मची तबाही, दो तेल टैंकर उड़े
यह जंग सिर्फ जमीन और आसमान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि समुद्र में भी फैल चुकी है। दुनिया के सबसे व्यस्त समुद्री रास्तों में से एक, 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' (Strait of Hormuz) में तनाव चरम पर है। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (Revolutionary Guards) ने दावा किया है कि इस समुद्री रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे दो बड़े तेल टैंकरों (Oil Tankers) को बम से उड़ा दिया गया है। अमेरिका का कहना है कि वे ईरान की उस ताकत को खत्म करना चाहते हैं जिससे वह अंतरराष्ट्रीय जहाजों को निशाना बनाता है।
बहरीन में अमेरिकी नागरिकों के लिए हाई अलर्ट
इस बढ़ते खतरे को देखते हुए बहरीन में मौजूद अमेरिकी दूतावास (US Embassy) ने एक गंभीर सुरक्षा चेतावनी जारी की है। खुफिया जानकारी के मुताबिक, ईरान बहरीन की राजधानी मनामा के बीचों-बीच अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना सकता है। दूतावास ने सभी अमेरिकी नागरिकों को बेहद सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की गाइडलाइंस का पालन करने को कहा है।


