Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-NCR में बारिश कब होने की संभावना है? दिल्ली-NCR में हवाओं की रफ्तार कितनी रह सकती है और बारिश कितनी हो सकती है ? क्या केरल के बाद अब राजधानी दिल्ली में मानसून पहुंच गया है?
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कुछ दिनों से उमस और गर्मी से परेशान लोगों को गुरुवार शाम मौसम का मिजाज बदलता हुआ नजर आ सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच कई क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

30 से 45 मिनट तक हो सकती है तेज बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का दौर हर इलाके में समान नहीं रहेगा। कुछ स्थानों पर 30 से 45 मिनट तक तेज बारिश देखने को मिल सकती है। साथ ही गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। हालांकि दिल्ली-एनसीआर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री अभी नहीं हुई है, लेकिन प्री-मानसून गतिविधियों के कारण मौसम लगातार बदल रहा है। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में भी अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है।
दो दिन पहले बारिश, फिर लौटी उमस
राजधानी में पिछले दो दिनों के दौरान हुई बारिश के बाद लोगों को कुछ राहत मिली थी, लेकिन 17 जून को तेज धूप निकलने से उमस भरी गर्मी ने फिर परेशान किया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 85 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 51 प्रतिशत रही। बीते 24 घंटों में दिल्ली में करीब 3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले कुछ दिनों तक ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। हल्की बारिश, बूंदाबांदी और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
AQI 'मध्यम' श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 132 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। वहीं फरीदाबाद, गुरुग्राम, गाजियाबाद, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भी AQI 100 से 200 के बीच रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल मौसम विभाग की नजर पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों पर बनी हुई है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर के लोगों को गर्मी और बारिश दोनों का मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है।


