Indore Crime News : मध्य प्रदेश के इंदौर से एक ऐसी शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने मां बेटे के रिश्तों को कलंकित कर दिया है। घटना के बाद लोग यही कह रहे हैं कि बीवी के मायके जाने के बाद पति जल्लाद बन गया।

इंदौर (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 35 साल के बेटे पर अपनी 60 साल की मां की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना एक घरेलू झगड़े के बाद हुई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।यह घटना बुधवार को जिले के लसूड़िया थाना क्षेत्र की निरंजनपुर बस्ती की है।

पत्नी मायके गईं तो दूसरी औरत को लाया घर

पुलिस के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब पीड़ित महिला गीता बाई ने अपने बेटे आकाश को घर में दूसरी औरत लाने पर टोका। उस वक्त आकाश की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। एडिशनल डीसीपी (ज़ोन 2) अमरेंद्र सिंह ने बताया, "घटना के वक्त गीता बाई और उनका बेटा आकाश घर पर थे, तभी दोनों में झगड़ा हो गया। विवाद इस बात पर हुआ कि आकाश की पत्नी मायके गई हुई थी और वह घर पर किसी दूसरी महिला को ले आया था। जब उसकी मां गीता बाई ने इस पर ऐतराज जताया, तो दोनों में कहासुनी हो गई। इसी दौरान आकाश ने अपनी मां को हाथ-घूंसों से पीटा। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।"

इंदौर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

घटना की जानकारी मिलते ही लसूड़िया थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया, "लसूड़िया पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ BNS की धारा 103 (हत्या के लिए दंड) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया था। उनके बयानों के आधार पर पहली नजर में हत्या का मामला बनता है। आरोपी बेटे आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरा परिवार निरंजनपुर बस्ती में रहता है और सभी मजदूरी करके अपना गुजारा करते हैं।"