केरल के कोल्लम में पति ने पत्नी के निजी वीडियो पोर्न साइट पर बेच दिए। विरोध करने पर उसने महिला से मारपीट की, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोल्लम: केरल के कोल्लम से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति पर अपनी ही पत्नी के प्राइवेट वीडियो पोर्न साइट्स पर बेचने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने कोल्लम के कोट्टियम पुलिस स्टेशन में पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब महिला ने पति को काउंसलिंग के लिए ले जाने की कोशिश की, तो उसने बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
महिला ने बताया कि जब वे विदेश में थे, तब पति ने यह कहकर उसके प्राइवेट वीडियो बनाए कि वो उन्हें खुद देखेगा। लेकिन बाद में उसने ये वीडियो पोर्न साइट्स को बेच दिए। महिला के दोस्तों ने जब इन वीडियोज़ को ऑनलाइन देखा, तो उन्होंने उसे इस बारे में जानकारी दी।
इसके बाद, महिला पति को समझाने-बुझाने के लिए उसे विदेश से भारत ले आई। यहां उसने पति को सुधारने के लिए दो दिन तक काउंसलिंग भी दिलवाई। लेकिन तीसरे दिन, पति ने महिला के साथ बुरी तरह मारपीट की। इस घटना के बाद महिला ने पति के साथ हुई बातचीत और दूसरे सबूतों के साथ पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। महिला की शिकायत पर कोट्टियम पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
