योगी सरकार ने मुरादाबाद मंडल के मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर और सम्भल जिलों में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास शुरू किया। 26.11 करोड़ की लागत वाली ये योजनाएं स्थानीय रोजगार और पर्यटन को नई दिशा देंगी।
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुसार आध्यात्मिक पर्यटन बढ़ाने और स्थानीय रोजगार सृजन के लिए मुरादाबाद मंडल में गुरुवार और शुक्रवार को भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की उपस्थिति में मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा और सम्भल जिलों में कुल 26 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास होगा। इन परियोजनाओं पर कुल 26.11 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उपनिदेशक पर्यटन बरेली रविंद्र कुमार ने बताया कि इन योजनाओं से स्थानीय रोजगार, हस्तशिल्प, परिवहन और होटल उद्योग को नई दिशा मिलेगी। योगी सरकार धार्मिक-आध्यात्मिक विरासत को संरक्षित करते हुए आधुनिक पर्यटन मॉडल को आगे बढ़ा रही है। चारों जिलों में होने वाले ये कार्यक्रम इसी उद्देश्य की बड़ी पहल माने जा रहे हैं।
अमरोहा: 4.62 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण, 1.39 करोड़ की नई योजनाएं
अमरोहा जिले में 2023-24 के तहत 4 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जा रहा है, जिन पर 4.62 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इनमें धनौरा, हसनपुर, नौगवां सादात और अमरोहा सदर के प्राचीन शिव एवं वासुदेव मंदिरों पर मल्टीपरपज सेंटर, यात्री हाल, टॉयलेट ब्लॉक, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण शामिल है।
- 1.39 करोड़ की 2 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा।
- वासुदेव मंदिर पर 4.59 करोड़ की परियोजना पहले ही पूरी हो चुकी है।
- 2025-26 के लिए 3.17 करोड़ की 4 नई परियोजनाओं का प्रस्ताव भेजा गया है।
मुरादाबाद: 4.72 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन, बड़े मंदिरों का कायाकल्प
मुरादाबाद जिले में 2023-24 की 4 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जिन पर 4.72 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इनमें कामेश्वर महादेव, पौड़ाखेड़ा मंदिर, रतुपुरा शिव मंदिर और हनुमान समाधि आश्रम का विकास शामिल है।
- 2025-26 के लिए 3.33 करोड़ की 3 परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है।
- इनमें कुंदरकी महादेव मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर और विश्नोई मंदिर शामिल हैं।
- चंद्रदेव महाराज मंदिर और गायत्री नगर शिव मंदिर की परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
रामपुर: 3.31 करोड़ के विकास कार्य पूरे, 98 लाख की नई योजना
रामपुर जिले में 2023-24 की 3 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया है, जिनकी लागत 3.31 करोड़ रुपये है। नवाबगंज, मदारपुर और रूपापुर के प्राचीन शिव मंदिरों का विकास कार्य पूर्ण हो चुका है।
- 2024-25 में 98 लाख की नई परियोजना का शिलान्यास होगा।
- 2025-26 के लिए 4.56 करोड़ की 4 नई योजनाओं का प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
सम्भल: 3.37 करोड़ का लोकार्पण, 6.05 करोड़ की मेगा योजनाएं
सम्भल जिले में 2023-24 की 3 परियोजनाओं का लोकार्पण 3.37 करोड़ की लागत से किया गया है। इनमें कल्कि मंदिर परिसर, हरिबाबा धाम आश्रम और कैलादेवी मंदिर का समग्र विकास शामिल है।
- 2025-26 में जिले को 6.05 करोड़ की 3 मेगा परियोजनाएं मिलेंगी। इनमें कुरुक्षेत्र तीर्थ, नैमिषारण्य और मनोकामना तीर्थ के विकास कार्य शामिल हैं।
- इससे पहले सूर्यकुंड, चंद्रेश्वर महादेव सहित अन्य प्रमुख मंदिरों पर 4.11 करोड़ की योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं।
- 2 नई परियोजनाओं के लिए 1.83 करोड़ का प्रस्ताव भेजा गया है।


