बच्चे के जन्म के बाद चल रही पार्टी में हुई हर्ष फायरिंग, किशोरी के हाथ में लगी गोली, मेडिकल कॉलेज भेजा गया 

यूपी के हरदोई जनपद में बच्चे के जन्म की खुशी में हो रही पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग की गई। इस हर्ष फायरिंग में एक किशोरी के हाथ में गोली लग गई। गंभीर रूप से घायल किशोरी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। 

/ Updated: Nov 23 2022, 05:14 PM IST

Share this Video
  • FB
  • TW
  • Linkdin
  • Email

हरदोई में  सरकार की लाख सख्ती के बाद भी हर्ष फायरिंग के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कई बार लोग हर्ष फायरिंग के चलते घायल हो चुके हैं वहीं कुछ मामलों में लोगों की जान तक जा चुकी है। ताजा मामला हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र का है। यहां फतेहपुर गाजी गांव में एक बच्चे के जन्म के बाद पार्टी चल रही थी। इस दौरान डांस करते हुए हर्ष फायरिंग की गई। जिसमें एक 16 वर्षीय किशोरी घायल हो गई। घायल किशोरी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया जहां से उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज रिफर कर दिया गया।
मझिला थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गाजी गांव के रहने वाले शिववीर सिंह के यहाँ बच्चे का जन्म हुआ था। बच्चे के जन्म की खुशी में दावत का आयोजन किया गया था। दावत पार्टी में डांस करते समय हर्ष फायरिंग की गई। वहीं पार्टी में डांस कर रही एक 16 वर्षीय किशोरी स्वानी सिंह हर्ष फायरिंग में गोली लगने से घायल हो गई। घायल किशोरी को इलाज के लिये सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद में भर्ती कराया गया। जहां से उसे हरदोई मेडिकल कॉलेज के लिये रिफर कर दिया गया। गोली किशोरी के हाथ में लगी है। हर्ष फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की जाँच पड़ताल में जुट गई है।