मेडिकल कॉलेज से एक दिन का बच्चा उठा ले गया चोर, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

यूपी के जिले मेरठ में लाला लाजपत राय स्मारक चिकित्सा महाविद्यालय में एक दिन का बच्चा चोरी हो गया। बच्चा चोर सीसीटीवी में कैद हो गया। हैरान करने वाली बात तो यह है कि वह महिला की डिलीवरी के बाद से ही बच्चा चोर बहुत घुलमिलकर रह रहा था।

/ Updated: Aug 31 2022, 02:32 PM IST

Share this Video
  • FB
  • TW
  • Linkdin
  • Email

मेरठ: उत्तर प्रदेश के जिले मेरठ के लाला लाजपत राय स्मारक मेडिकल कॉलेज से एक दिन का नवजात चोरी हो गया। आरोपी, अस्पताल का कर्मचारी बनकर जच्चा-बच्चा वार्ड के पास घूम रहा था। नवजात को वैक्सीन लगवाने के बहाने वह मां के पास से ले गया। काफी देर तक नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब कहीं भी नजर नहीं आया तो स्टॉफ को जानकारी दी। इसके बाद हंगामा मच गया। स्टॉफ ने सीसीटीवी चेक किए तो उसमें आरोपी बच्चे को गोद में ले जाता हुआ नजर आ रहा है। इसमें आरोपी चेहरे को मास्क से कवर किए हुए था।

किठौर के महलवाला गांव में रहने वाले नीनू की पत्नी डोली ने सोमवार दोपहर को बेटे को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा को गायनिक वार्ड में रखा गया। मंगलवार दोपहर को एक लड़का डोली के पास पहुंचा। उनसे कहा, बहनजी, मैं मेडिकल कॉलेज का कर्मचारी हूं। बच्चे को टीका लगाना है। उस समय डोली के पति नीनू बाहर चाय पीने के लिए गए थे। डोली ने मेडिकल कॉलेज का स्टाफ समझकर बच्चा युवक को सौंप दिया। कपड़े में लिपटे बच्चे को लेकर लड़का बाहर निकल गया। मां डोली को काफी देर बाद समझ आया कि जिसे बच्चा सौंपा, वो मेडिकल कॉलेज का स्टाफ नहीं था।

नवजात को चोरी करने वाले लड़के की उम्र करीब 35 साल के करीब है। परिजनों ने बताया कि सोमवार को भी ये लड़का वार्ड के आसपास था। इसने डोली के पति नीनू से कहा था,"मैं यहीं पर कर्मचारी हूं। कोई दिक्कत हो तो बता देना।" वह कई बार नीनू को गैलरी में मिला। उन्होंने बताया कि बच्चा चोर का एक साथी भी था। उसका हुलिया भी पुलिस को नोट कराया है। बच्चा चोरी की घटना से मेडिकल कॉलेज में हड़कंप मच गया। सूचना तुरंत मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तक पहुंची। उन्होंने पुलिस को कॉल की। पुलिस ने CCTV फुटेज देखी। पुलिस चोरी करने वाले लड़के की तलाश कर रही है। पुलिस की 2 टीमें आरोपी की तलाश में लगी हैं।

मां डोली का रो-रोकर बुरा हाल है। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने गायनिक वार्ड की तरफ बाहरी लोगों पर आने पर रोक लगा दी है। यहां मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों को हिदायत दी है कि गायनिक वार्ड की तरफ मेडिकल स्टाफ के अलावा किसी को भी नहीं आने दिया जाए। महिला के पति नीनू उपाध्याय ने बताया कि पत्नी डोली एक पैर से दिव्यांग है। आंखों से भी कम दिखाई देता है। ये दूसरा बेटा जन्मा है। बड़ा बेटा 2 साल का है। भगवान से यही उम्मीद थी कि बच्चा स्वस्थ हो। क्योंकि इसकी मां पहले से ही बीमार रहती है।