Uzbekistan Dastarkhan: उज्बेकिस्तान में दस्तरखान सिर्फ खाना परोसने की जगह नहीं, मेहमाननवाजी और खुशहाली की पहचान है। जानिए इस अनोखी परंपरा के पीछे छिपी कहानी।
Dastarkhan Dastarkhan Tradition: उज्बेकिस्तान की संस्कृति में ‘दस्तरखान’ (Dastarkhan) सिर्फ खाना रखने के लिए बिछाया जाने वाला कपड़ा या भोजन की जगह नहीं है। यह वहां की मेहमाननवाजी, परिवार और सामुदायिक जीवन का मुख्य हिस्सा है। उज्बेक घरों में कमरे के बीच दस्तरखान बिछाकर उस पर रोटी, फल, मिठाइयां, चाय और दूसरे व्यंजन सजाए जाते रहे हैं। खास मौकों पर इसे पकवानों से इतना भर दिया जाता है कि मेहमानों के सामने घर की खुशहाली दिखाई दे। उज्बेक संस्कृति में मेहमान का सम्मान बहुत महत्वपूर्ण है और दस्तरखान इसी भावना को दिखाता है।
दस्तरखान आखिर होता क्या है?
आसान भाषा में कहें तो दस्तरखान भोजन परोसने और साथ बैठकर खाने की पारंपरिक व्यवस्था है। कई घरों में फर्श पर कालीन और कुर्पाचा बिछाए जाते थे और कमरे के बीच दस्तरखान पर तरह-तरह के खाने सजाए जाते थे। ताजा रोटी, फल, सूखे मेवे, मिठाइयां और चाय इसकी खास पहचान रहे हैं। इसलिए दस्तरखान को सिर्फ “टेबलक्लॉथ” कहना इसकी सांस्कृतिक भूमिका को छोटा कर देना होगा।
घर में मेहमान आए तो सबसे पहले दस्तरखान
उज्बेक समाज में मेहमाननवाजी को सदियों से बहुत महत्व दिया गया है। मेहमान अमीर परिवार में आया हो या सिंपल परिवार में, उसे सम्मान के साथ खाना-पीना कराना खास माना जाता है। सुबह के नाश्ते में भी दस्तरखान पर तंदूर की गर्म रोटी, क्रीम, चाय, शहद, फल और सूखे मेवे रखे जाते हैं। यानी दिन की शुरुआत भी मेहमाननवाजी की इसी परंपरा से जुड़ी होती है।
दस्तरखान पर खाना ही नहीं, रिश्ते भी जुड़ते हैं
उज्बेक संस्कृति में भोजन अकेले पेट भरने की चीज नहीं है। परिवार, रिश्तेदार, पड़ोसी और दोस्त अक्सर खाने के आसपास मौजूद होते हैं। खास समारोहों में यह और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। मसलन, बच्चे के जन्म, शादी या दूसरे फेमली फंक्शन में भोजन और एक साथ बैठकों की अपनी परंपराएं हैं।
दस्तरखान पर रोटी और पालोव की खास जगह
उज्बेक संस्कृति में रोटी को खास सम्मान मिला है। पारंपरिक रूप से रोटी को खुशहाली और पेट भरने से जोड़ा जाता है। शादी की कुछ रस्मों में भी रोटी का इस्तेमाल इसी भावना के साथ होता है। इसके अलावा पालोव (Plov/Palov) उज्बेक भोजन और सोशल लाइफ का खास हिस्सा है। यह सिर्फ रोजमर्रा का खाना नहीं, बल्कि शादी, जन्म और दूसरे महत्वपूर्ण मौकों पर भी बनाया जाता है।
त्योहारों पर दस्तरखान और भी खास
नवरोज जैसे त्योहारों पर दस्तरखान को विशेष रूप से सजाया जाता है। इस दौरान घरों में पालोव, समालक, समसा, रोटी और अन्य व्यंजन बनते हैं। समृद्ध दस्तरखान को मेहनत, उदारता और आने वाले समय की खुशहाली से जोड़कर देखते हैं। नए साल के मौके पर भी खानों से सजा हुआ दस्तरखान समृद्धि का प्रतीक माना जाता है यानी जितनी भरा हुआ मेज, उतनी ही अच्छे साल की शुरुआत।
ये भी पढ़ें- उज्बेक शादी की अनोखी कहानीः दुल्हन दरवाजे पर झुकती है, ऊपर से बरसते हैं सिक्के और मिठाइयां!
आखिर क्यों खास है दस्तरखान?
दस्तरखान की सबसे खूबसूरत बात यह है कि यह खाने की जगह से ज्यादा रिश्तों की जगह है। यहां परिवार साथ बैठता है, मेहमान का स्वागत होता है, त्योहार मनाए जाते हैं और पीढ़ियों पुरानी परंपराएं आगे बढ़ती हैं। यही वजह है कि उज्बेकिस्तान में दस्तरखान को सिर्फ कपड़ा या भोजन से जोड़कर देखना सही नहीं है। यह उस संस्कृति की तस्वीर है जिसमें मेहमाननवाजी, साथ भोजन, परिवार और खुशहाली एक ही जगह पर दिखाई देते हैं।
