RBI Loan Recovery Rules: क्या किस्त न भरने पर बैंक या लोन ऐप आपका स्मार्टफोन लॉक कर सकते हैं? जानिए नए लोन रिकवरी नियम, अपने अधिकार और कंपनियों पर लगने वाली पेनल्टी।
RBI EMI New Rules: फेस्टिव सीजन हो या कोई नई लॉन्चिंग, आजकल नया स्मार्टफोन, लैपटॉप या टैबलेट EMI यानी किस्त पर खरीदना आम बात हो गई है। लेकिन अक्सर लोगों के मन में यह डर रहता था कि 'अगर किसी महीने EMI चूक गई, तो क्या रिकवरी वाले फोन लॉक कर देंगे?' अक्सर फाइनेंस कंपनियां डिवाइस में सॉफ्टवेयर डालकर किस्त लेट होते ही फोन को लॉक कर देती थीं और पर्सनल डेटा खंगालकर मानसिक रूप से परेशान करती थीं। अब भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ऐसे मनमाने तौर-तरीकों पर कड़ा चाबुक चलाया है। RBI ने लोन रिकवरी और डिवाइस लॉकिंग को लेकर बेहद सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आइए जानते हैं कि RBI के इन नए नियमों से आपको क्या राहत मिली है और लोन कंपनियों पर क्या पाबंदियां लगी हैं...
क्या किसी भी लोन डिफॉल्ट पर फोन लॉक हो सकता है?
बिल्कुल नहीं। RBI ने साफ कर दिया है कि अगर आपने पर्सनल लोन, कार लोन, क्रेडिट कार्ड या होम लोन लिया है और उसकी EMI नहीं भर पाए, तो बैंक या लेंडर किसी भी सूरत में आपका मोबाइल, लैपटॉप या टैबलेट लॉक या रिस्ट्रिक्ट नहीं कर सकता है। डिवाइस पर पाबंदी सिर्फ और सिर्फ तभी लगाई जा सकती है, जब वह डिवाइस खुद उसी लोन के पैसे से खरीदा गया हो (Device-Financed Loan) और एग्रीमेंट में इसका साफ जिक्र हो। लोन रिकवरी का यह नया फ्रेमवर्क 1 जनवरी 2027 से अनिवार्य रूप से लागू होगा।
रातों-रात बंद नहीं होगा फोन, फिर क्या होगा?
30 दिन तक फोन पर कोई रोक नहीं
मान लीजिए आपने फोन EMI पर लिया है और आपकी EMI समय पर नहीं गई। अगर पेमेंट 30 दिन से कम समय से बकाया है तो इस दौरान डिवाइस पर इस तरह की तकनीकी रोक नहीं लगाई जा सकती। इस स्थिति में लेंडर को आपको औपचारिक नोटिस देना होगा। यानी सिर्फ कुछ दिन EMI लेट होने पर कंपनी आपके फोन को अचानक बंद नहीं कर सकती है।
30 से 60 दिन में क्या होगा?
अगर EMI का भुगतान 30 से 60 दिन तक बकाया रहता है तो तय नियमों के तहत डिवाइस पर धीरे-धीरे कुछ पाबंदियां (Restrictions) लगाए जा सकते हैं। यहां भी कंपनी को नियमों का पालन करना होगा। सीधे फोन को पूरी तरह बेकार कर देना इसका मतलब नहीं है।
60 दिन बाद क्या होगा?
अगर लोन 60 दिन से ज्यादा समय तक बकाया रहता है तो लोन एग्रीमेंट में लिखी शर्तों के मुताबिक पूरी कॉन्ट्रैक्चुअल प्रतिबंध (Contractual Restrictions) लागू की जा सकती हैं। लेकिन यहां भी कंपनी को RBI के तय नियमों का पालन करना होगा। सबसे जरूरी बात यह है कि डिवाइस लॉक करने वाला कोई भी सॉफ्टवेयर मनमाने तरीके से इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। अगर ऐसा सॉफ्टवेयर इस्तेमाल होता है तो वह डिवाइस के मूल निर्माता या ऑपरेटिंग सिस्टम प्रोवाइडर से सर्टिफाइड होना चाहिए।
लेंडर क्या कर सकते हैं और क्या नहीं?
कंपनियां क्या नहीं कर सकती हैं?
- फोन पर इनकमिंग-आउटगोइंग कॉल, जरूरी SMS और Emergency SOS सेवाएं कभी ब्लॉक नहीं की जा सकती हैं।
- ऐसी कोई पाबंदी नहीं लगाई जा सकती जिससे यूजर के काम या नौकरी पर सीधा असर पड़े।
- लोन कंपनियां फोन के कॉन्टैक्ट्स, पर्सनल फोटोज, कॉल लॉग्स, लोकेशन हिस्ट्री या मैसेज को न देख सकती हैं और न एक्सेस कर सकती हैं।
- कोई भी अनसर्टिफाइड रिकवरी एजेंट्स आपसे संपर्क नहीं कर सकेगा।
कंपनियों के लिए क्या अनिवार्य है?
- जैसे ही बकायेदार अपनी बकाया EMI का भुगतान कर देगा, कंपनी को 1 घंटे के भीतर डिवाइस को अनलॉक करना होगा।
- अगर पेमेंट के बाद भी डिवाइस अनलॉक करने में देरी होती है, तो लेंडर को ग्राहक को ₹250 प्रति घंटा मुआवजा देना होगा।
लोन लेने से पहले और बाद में क्या करें?
फाइनेँशियल एक्सपर्ट्स के अनुसार, RBI के इस कदम से डिजिटल लोन फ्रॉड और रिकवरी एजेंट्स की गुंडागर्दी पर लगाम लगेगी, लेकिन एक जिम्मेदार ग्राहक के तौर पर आपको भी सतर्क रहना होगा।
- सिर्फ मंथली EMI का आंकड़ा न देखें। यह चेक करें कि एग्रीमेंट में डिवाइस-बेस्ड रिकवरी और रिमोट एक्सेस की शर्तें क्या लिखी हैं।
- किसी भी अनधिकृत चाइनीज या गैर-सर्टिफाइड लोन ऐप से बचें। RBI के नियम सिर्फ रेगुलेटेड एंटिटीज पर पूरी तरह लागू होते हैं। इसलिए रजिस्टर्ड लेंडर्स से ही लोन लें।
- 30 दिन का समय पूरा होते ही औपचारिक रिकवरी प्रक्रिया शुरू हो जाती है, इसलिए पेमेंट मिस होने से बचें और ऑटो-डेबिट ऑन रखें।
- लोन की पूरी किस्तें चुकता करने के बाद लेंडर से 'नो ड्यूज' कन्फर्मेशन लें और फोन से थर्ड-पार्टी फाइनेंसिंग ऐप या एक्सेस को तुरंत अनइंस्टॉल या डिसेबल करवाएं।
लोन-EMI से जुड़े अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)
क्या लोन न भरने पर रिकवरी एजेंट मेरे रिश्तेदारों को कॉल कर सकते हैं?
नहीं। RBI के सख्त नियमों के मुताबिक रिकवरी एजेंट्स केवल बकायेदार से संपर्क कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर बदनाम करना, गालियां देना या कॉन्टैक्ट लिस्ट के लोगों को फोन करना पूरी तरह गैरकानूनी है।
अगर EMI भर दी फिर भी फोन लॉक रहा तो शिकायत कहां करें?
पहले लेंडर के ग्रीवांस सेल में कंप्लेंट दर्ज करें और ₹250 प्रति घंटा मुआवजे का दावा करें। अगर 30 दिनों में समाधान न मिले, तो सीधे RBI Ombudsman (शिकायत निवारण पोर्टल) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।


