Ganga Aarti London Viral: लंदन में पहली बार टेम्स नदी के किनारे गंगा आरती हुई। इस मौके पर हज़ारों लोग जुटे। यह कार्यक्रम भारतीय संस्कृति का जश्न था, लेकिन इसके नाम को लेकर ऑनलाइन बहस भी छिड़ गई।
Ganga Aarti Abroad: लंदन की टेम्स नदी के किनारे एक ऐसा नज़ारा दिखा, जो आमतौर पर वाराणसी के घाटों पर ही देखने को मिलता है। यहां ग्रीनविच के ओल्ड रॉयल नेवल कॉलेज में पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया। चिन्मय मिशन यूके ने अपनी 75वीं सालगिरह के मौके पर यह कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें हज़ारों लोग प्रार्थना, संगीत और सांस्कृतिक जश्न के लिए इकट्ठा हुए।
यह आरती शाम 7:15 बजे 'टोटली टेम्स' फेस्टिवल के हिस्से के रूप में शुरू हुई। भारत में होने वाली पारंपरिक आरतियों से अलग, इस कार्यक्रम में नदी में कोई दीया या पूजा सामग्री नहीं बहाई गई। आयोजकों ने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि इससे पर्यावरण को कोई नुकसान न हो।
विदेश में भारतीय संस्कृति का जश्न
आरती से पहले दोपहर में कम्युनिटी स्टॉल, खाने-पीने, संगीत और डांस का भी इंतजाम था। लंदन में रहने वाले हिंदू और दक्षिण एशियाई समुदायों के लिए यह एक-दूसरे से जुड़ने का एक खास पल था।
चिन्मय मिशन यूके की रेजिडेंट टीचर, ब्रह्मचारिणी श्रीप्रिया चैतन्य ने कहा, "पीढ़ियों से लोग गंगा के तट पर नदी, प्रकृति और जीवन देने वाली हर चीज़ का आभार जताने के लिए दीया जलाते आए हैं। टेम्स पर गंगा आरती उसी भावना को आगे बढ़ाती है, जो लोगों को आभार, आशा और एकता के एक पल में एक साथ लाती है।"
ऑनलाइन मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
जहां कई लोगों ने इस कार्यक्रम की तारीफ की, वहीं कुछ लोग इसे गंगा आरती कहने पर सहमत नहीं थे। एक कमेंट में लिखा था: "बस बात इतनी है कि गंगा यूके में नहीं है। इसे टेम्स आरती कहना चाहिए था।"
वहीं, दूसरे यूजर्स ने इस समारोह की सराहना की और कहा कि टेम्स पर पहली बार ऐसा अनुष्ठान हुआ है। एक यूजर ने लिखा, "लंदन में पहली बार गंगा आरती! हज़ारों हिंदू इस पवित्र समारोह को देखने और इसका जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुए।"
