दबंगों से परेशान 12 परिवार के लोगों ने दी चेतावनी, घरों की दीवारों पर लिखा पलायन के लिए हैं मजबूर

यूपी के जिले हरदोई में दबंगों से परेशान 12 परिवारों ने गांव से पलायन की चेतावनी दी है। जिसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार को समझाया साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है। इसके साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

/ Updated: Aug 21 2022, 01:00 PM IST

Share this Video
  • FB
  • TW
  • Linkdin
  • Email

हरदोई: उत्तर प्रदेश के जिले हरदोई में दबंगों से परेशान 12 परिवारों ने गांव से पलायन की चेतावनी दी है। गुरुवार की सुबह दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश के चलते जमकर पत्थरबाजी हुई थी। जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। आज सुबह एक पक्ष ने अपने घरों की दीवारों पर लिख दिया कि वह लोग पलायन के लिए मजबूर हैं। इस सूचना के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

जिले के हरपालपुर थाना क्षेत्र के चतरखा-बरनई गांव में गुरुवार को दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में न्याय न मिलने पर 12 परिवारों ने अपने मकानों के सामने पलायन करने की सूचना लिखवा दी। गांव के राम अवतार ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक दिए शिकायती पत्र में बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थर से हमला कर घायल कर दिया। आरोपी जान से मार डालने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शांति भंग में चालान कर दिया। 

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि जब सभी घायल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर गये थे तो आरोपियों ने उसके घर में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए एक सोने की चेन, 2 जोड़ी झुमकी, 2 जोड़ी झाले, 3 जोड़ी पायल, एक सोने का हार, चार अंगूठी सोना कीमत लगभग चार लाख के आभूषण लूट ले गए हैं। शिकायती पत्र में आरोपियों पर कार्रवाई न होने पर परिवार के शिव कुमार शुक्ला और गांव के 12 अन्य ब्राह्मण परिवार दहशत में हैं। जिसको लेकर उन्होंने शनिवार को अपने मकान पर लिखवा दिया है कि ''दबंग ठाकुरों से परेशान ब्राह्मण परिवार पलायन करने को मजबूर है।'' 

इस सूचना के बाद थानाध्यक्ष हरपालपुर और अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने पीड़ित परिवार को दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। साथ ही मौके पर मौजूद पुलिस अफसर पलायन की चेतावनी देने वाले परिवारों को पलायन न करने के लिए मनाने में जुटे हैं। इस बारे में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पलायन की बात करने वाले परिवारों को समझाया जा रहा है और उन्हें आश्वस्त किया जा रहा है कि पुलिस और प्रशासन उनके साथ है। जो भी लोग बदमाशी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।